Delhi Liquor Policy: दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की न्यायिक हिरासत दिल्ली की एक अदालत ने 23 अप्रैल तक बढ़ा दी है। आज (15 अप्रैल) उनकी 15 दिन की न्यायिक हिरासत खत्म होने के बाद उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तिहाड़ जेल से राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया, जहां उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
दिल्ली की शराब नीति मामले में सीएम केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। इसके बाद कोर्ट ने उन्हें दो बार ईडी की रिमांड पर भेजा। इसके बाद 1 अप्रैल को अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। तब से केजरीवाल दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं।
भगवंत मान ने क्या कहा?
आज उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से मुलाकात की. इस मुलाकात के बाद उन्होंने दावा किया कि केजरीवाल के साथ जेल में एक कट्टर अपराधी जैसा व्यवहार किया जा रहा है। जेल में आतंकवादियों को मिलने वाली सुविधाएं मुख्यमंत्री को नहीं दी जा रही हैं.
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, “मैं उन्हें देखकर भावुक हो गया था। उनके साथ एक कट्टर अपराधी की तरह व्यवहार किया जा रहा है। उनकी गलती क्या है? क्या यह अपराध है कि उन्होंने मोहल्ला क्लीनिक बनाए?” मान ने कहा कि वह केजरीवाल से आधे घंटे तक मिले, लेकिन उनके बीच एक कांच की दीवार थी और उन्होंने फोन कॉल के जरिए बातचीत की।
सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
आज उच्चतम न्यायालय में अरविंद केजरीवाल की याचिका पर भी सुनवाई हुई. उच्चतम न्यायालय ने उनकी याचिका पर ईडी से 24 अप्रैल तक जवाब मांगा है. कोर्ट ने कहा कि मामले की सुनवाई 29 अप्रैल से शुरू होने वाले हफ्ते में होगी. सीएम केजरीवाल ने ईडी की गिरफ्तारी को चुनौती दी है. इससे पहले दिल्ली हाई कोर्ट ने केजरीवाल को राहत देने से इनकार कर दिया था.

