Mukhtar Ansari Death: बाहुबली नेता मुख़्तार अंसारी की जेल में अचानक तबियत बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उसकी गुरुवार को मौत हो गई थी. मौत की वजह हार्ट अटैक बताया गया. पोस्टमॉर्टम पूरा होने के बाद उसके शव को उसके बेटे को सौंप दिया गया. उसकी मौत के बाद गाजीपुर, बांदा और मऊ के अलावा पूरे प्रदेश में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस ने प्रदेश के सभी जिलों में पहरा बढ़ा दिया है. बता दें कि माफिया मुख्तार अंसारी का शव पैतृक गांव लाया गया। डेड बॉडी को उसकी मां और पिता की क्रब के पास में सुपुर्द-ए-खाक किया। जनाजे के दौरान कब्रिस्तान में उसके परिवार के सदस्यों के अलावा किसी और को जाने की इजाजत नहीं थी.
गौरतलब है कि माफिया मुख्तार अंसारी के जनाजे में शामिल होने के लिए बिहार के पूर्व बाहुबली और नेता दिवंगत शहाबुद्दीन का बेटा ओसामा भी गाजीपुर पहुंचा है। माफिया अंसारी को यूपी के गाजीपुर जिले के मोहम्मदाबाद के कालीबाग कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। मुख्तार अंसारी के घर के बाहर उसके समर्थनों ने ‘मुख्तार अंसारी जिंदाबाद’ के नारे लगाए।
प्रतिष्ठित पारिवारिक पृष्ठभूमि
गौरतलब है कि मुख्तार अंसारी एक प्रतिष्ठित पारिवारिक पृष्ठभूमि से था. उसके दादा, डॉ. मुख्तार अहमद अंसारी, एक स्वतंत्रता सेनानी थे, जिन्होंने 1926 और 1927 में महात्मा गांधी के साथ मिलकर काम किया था। उसके नाना, ब्रिगेडियर मोहम्मद उस्मान, 1947 के युद्ध में शहीद हो गए थे। इस प्रकार, उत्तर प्रदेश का यह डॉन एक देशभक्त परिवार से था, जिसका अपराध की दुनिया से कोई संबंध नहीं था।
हालाँकि, जब मुख्तार अंसारी की बात आती है, तो शायद ही कोई अपराध होगा जो उससे अछूता रह गया हो। उसने ठेकेदारी, खनन और शराब व्यापार जैसे व्यवसायों में कदम रखा और विभिन्न माध्यमों से धन इकट्ठा किया। माना जाता है कि इन्हीं गतिविधियों के आधार पर उसने पूर्वांचल में अपना राजनीतिक साम्राज्य खड़ा किया।

