CSK New Captain: आईपीएल 2024 शुरू होने से ठीक एक दिन पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने बड़ा फैसला लिया है. सीएसके ने टीम की कप्तानी में बदलाव किया है. आईपीएल के 17वें सीजन में महेंद्र सिंह धोनी की जगह ऋतुराज गायकवाड़ सीएसके की कमान संभालेंगे। इस घोषणा की पुष्टि आईपीएल के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से की गई है।
धोनी ने जिताए 5 खिताब
एमएस धोनी की कप्तानी में सीएसके ने रिकॉर्ड 5 बार आईपीएल खिताब अपने नाम किया है। धोनी ने 2022 से पहले सीएसके की कप्तानी छोड़ दी थी। शुरुआत में फ्रेंचाइजी ने रवींद्र जड़ेजा को कप्तान नियुक्त किया था, लेकिन जड्डू के नेतृत्व में सीएसके लगातार कई मैच हार गई। इसके बाद, टूर्नामेंट के बीच में ही धोनी को फिर से कप्तान बना दिया गया।
आईपीएल 2024 शुक्रवार, 22 मार्च से शुरू होने वाला है। उद्घाटन मैच से एक दिन पहले, सीएसके ने चेन्नई में आयोजित प्री-आईपीएल कप्तानों के सम्मेलन में ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तान के रूप में पेश किया। सीएसके के नेतृत्व में यह बदलाव कई लोगों के लिए आश्चर्य की बात थी। हालाँकि, एमएस धोनी हमेशा अप्रत्याशित निर्णय लेने के लिए जाने जाते हैं। एक बार फिर धोनी ने कप्तानी छोड़ कर सभी को चौंका दिया है.
माही ने पहले ही किया था इशारा
4 मार्च को, एमएस धोनी ने सोशल मीडिया पर एक गुप्त संदेश पोस्ट किया, जिसमें नई शुरुआत और भूमिकाओं की ओर इशारा किया गया, उन्होंने पोस्ट में कहा था कि वह नए सीज़न के लिए अब और इंतजार नहीं कर सकते। इस पोस्ट के दो हफ्ते बाद ये साफ हो गया कि धोनी क्या खुलासा करना चाहते थे. फ्रेंचाइजी ने इसकी आधिकारिक पुष्टि भी कर दी है.
यह भी पढ़ें: IPL 2024: इस बार का आईपीएल होगा बिल्कुल अलग, नए नियमों से बढ़ेगा रोमांच
सीएसके आईपीएल के 17वें सीजन का अपना पहला मैच 22 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ खेलेगी। मौजूदा चैंपियन सीएसके और आरसीबी के बीच मुकाबला चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में रात 8 बजे से होगा. यह आईपीएल सीजन संभवतः धोनी का आखिरी सीजन हो सकता है।

