Elvish Yadav News: वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत एक मामले में यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी 2 विजेता एल्विश यादव को अदालत ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। नोएडा की लुक्सर जेल भेजे गए एल्विश यादव पर नोएडा पुलिस के मुताबिक आरोप है कि वह पार्टियों और क्लबों में स्नेक बाईट मुहैया कराता था, जो कानून के तहत अवैध माना जाता है।
एल्विश यादव को नोएडा पुलिस ने रविवार (17 मार्च) को गिरफ्तार किया था। इसके बाद एल्विश यादव को ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर जिला एवं सत्र न्यायालय में पेश किया गया, जिसके बाद अदालत ने उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
मामला सेक्टर-49 थाने में दर्ज
एल्विश यादव की गिरफ्तारी के संबंध में डीसीपी नोएडा विद्या सागर मिश्रा ने बताया कि एल्विश यादव और अन्य के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में उन्हें आज पूछताछ के लिए बुलाया गया था। एल्विश यादव पर सेक्टर-49 थाने में रेव पार्टियों में सांप का जहर सप्लाई करने का आरोप लगा था. इसके बाद उसे जांच के लिए नोएडा के सेक्टर-20 थाने भेजा गया। अब इस मामले में पुलिस ने एल्विश यादव को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस ने 5 आरोपियों को किया था गिरफ्तार
बीजेपी सांसद मेनका गांधी की संस्था पीपल फॉर एनिमल्स के एक कर्मचारी ने एल्विश यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी. पुलिस ने इस मामले को लेकर सेक्टर-49 इलाके में छापेमारी की और इस दौरान 5 आरोपियों को गिरफ्तार भी किया. इसके साथ ही पुलिस टीम को मौके से 20 मिलीमीटर की स्नेक वैनम और 9 जहरीले सांप मिले.

