Electoral Bonds: चुनाव आयोग ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक चुनावी बॉन्ड के संबंध में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) से प्राप्त नई जानकारी रविवार (17 मार्च) को अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दी। इससे पहले 14 मार्च को चुनाव आयोग ने चुनावी बॉन्ड से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक की थी, जिसमें कंपनियों द्वारा खरीदे गए बॉन्ड और उनके जरिए पार्टियों को मिलने वाला फंड शामिल था.
दरअसल, चुनाव आयोग ने सुप्रीम कोर्ट में चुनावी बॉन्ड पर जमा रिपोर्ट मिलने के बाद सार्वजनिक की है. चुनावी बांड के माध्यम से प्राप्त धन के संबंध में अप्रैल 2019 में सुप्रीम कोर्ट के एक अंतरिम आदेश के बाद राजनीतिक दलों द्वारा चुनाव आयोग को यह जानकारी सौंपी गई थी। चुनाव आयोग ने तात्कालिक कानूनों के अनुसार गोपनीयता बनाए रखते हुए इस जानकारी को लिफाफे में बंद कर दिया था।
चुनाव आयोग ने अपलोड किया डाटा
हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद चुनाव आयोग ने डेटा वाला यह सीलबंद लिफाफा कोर्ट को सौंप दिया. इसके बाद 15 मार्च को आदेश के बाद सुप्रीम कोर्ट ने सीलबंद लिफाफा चुनाव आयोग को लौटा दिया, जिसके बाद आयोग ने जानकारी सार्वजनिक कर दी.
चुनाव आयोग ने ये डेटा सीलबंद लिफाफे में सुप्रीम कोर्ट को सौंप दिया. चुनाव आयोग ने आज (रविवार) एक बयान में कहा, “सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री ने सीलबंद लिफाफे में बंद एक पेन ड्राइव में डिजिटल रिकॉर्ड के साथ भौतिक प्रतियां वापस कर दी हैं। भारत के चुनाव आयोग ने आज डिजिटल में प्राप्त डेटा अपलोड कर दिया है।” आयोग ने लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के एक दिन बाद डेटा जारी किया है, जो 19 अप्रैल से 1 जून तक सात चरणों में होंगे।”
विपक्ष ने उठाए सवाल
गौरतलब है कि चुनावी बॉन्ड को लेकर विपक्षी पार्टियां लगातार बीजेपी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधती रही हैं. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इसे सबसे बड़ा घोटाला करार दिया है, जबकि आम आदमी पार्टी ने कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग की है. भारत के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड की सख्ती के बाद, स्टेट बैंक ने 12 मार्च को चुनावी बांड से संबंधित डेटा चुनाव आयोग को सौंप दिया, जहां से इसे बाद में सुप्रीम कोर्ट में जमा किया गया। कोर्ट ने चुनाव आयोग को ये डेटा अपलोड करने का आदेश दिया था.

