Himachal Rajya Sabha Election Result: हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के नतीजों में बीजेपी उम्मीदवार हर्ष महाजन विजयी घोषित किए गए हैं. अब भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) हिमाचल प्रदेश में अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रही है. बीजेपी नेताओं ने कहा है कि सरकार ने राज्य में अपना समर्थन खो दिया है. हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा की एकमात्र सीट के लिए शिमला विधानसभा में मतदान हुआ. इसमें कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक मनु सिंघवी की हार हो गई है. जीत की घोषणा के बाद से बीजेपी खेमों में जश्न का माहौल है. हर्ष महाजन ने बीजेपी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है. उधर, इस जीत के बाद चंबा में भी जश्न का माहौल है। चंबा से हर्ष महाजन तीन बार विधायक सीट पर जीत हासिल कर चुके हैं.
पहले कहा गया था कि अगर कांग्रेस उम्मीदवार हारता है तो यह तय है कि 9-10 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है. ऐसे में अगर बीजेपी उम्मीदवार जीतता है तो पार्टी कांग्रेस सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएगी. हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के पास 40 सीटें हैं. पार्टी ने तीन अन्य निर्दलीय विधायकों का समर्थन मिलने का दावा किया है. वे तीनों विधायक कांग्रेस विधायक दल की बैठक में शामिल हुए. बहरहाल, नतीजों से साफ है कि हिमाचल प्रदेश की राजनीति में अब बड़ा बदलाव हो सकता है.
हर्ष महाजन की जीत पर चंबा में जश्न
हिमाचल में कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी का मुकाबला बीजेपी के हर्ष महाजन से था. वह चम्बा के रहने वाले हैं. उनकी जीत के बाद चंबा में बीजेपी दफ्तर में ‘जय श्री राम’ के नारे लगे और जश्न भी मनाया गया. उनके पिता भी विधानसभा अध्यक्ष थे. वह खुद वीरभद्र सरकार में मंत्री थे। बीजेपी सूत्रों ने कहा कि तैयारी चल रही है और अब कांग्रेस सरकार को भी जाना होगा. अभिषेक मनु सिंघवी की हार अहम है. इससे सरकार का भविष्य तय हो गया है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि पार्टी कल राज्यपाल से मिलेगी.
कांग्रेस का टूटा भरोसा
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा था कि हमारे पास 40 विधायक हैं, अगर कोई नहीं बिका तो हमें सभी 40 वोट जरूर मिलेंगे. मेरा मानना है कि जो लोग कांग्रेस की विचारधारा पर चुने गए हैं, उन्होंने पार्टी के समर्थन में वोट किया होगा। लेकिन अब नतीजों के बाद कांग्रेस में निराशा है. कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि इस घटना के बाद पार्टी भविष्य की तैयारी में जुट गई है और सरकार बचाने का अभियान शुरू कर दिया गया है.

