Lok Sabha Elections 2024: आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. नई दिल्ली से सोमनाथ भारती, पूर्वी दिल्ली से कुलदीप कुमार, दक्षिणी दिल्ली से सही राम पहलवान और पश्चिमी दिल्ली से महाबल मिश्रा उम्मीदवार होंगे। लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) की बैठक हुई। इस बैठक में इमरान हुसैन, दुर्गेश पाठक, पंकज गुप्ता, गोपाल राय, राखी बिड़ला और आतिशी मौजूद रहे.
आप उम्मीदवारों को जानें
सूत्रों के मुताबिक पहले से ही यह खबर आ रही थी कि आप अपने विधायकों पर ही भरोसा करेगी. बता दें कि कुलदीप कुमार, सोमनाथ भारती और सही राम पहलवान सभी आम आदमी पार्टी के विधायक हैं। महाबल मिश्रा कांग्रेस छोड़कर आप में शामिल हुए थे. उनके बेटे विनय मिश्रा द्वारका से विधायक हैं। इस बार का चुनाव आम आदमी पार्टी के लिए बेहद अहम है क्योंकि वह कांग्रेस के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है. दिल्ली में कुल सात लोकसभा सीटें हैं. कांग्रेस तीन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी.
कुलदीप कुमार- ये कोंडली से विधायक हैं. वह आरक्षित वर्ग से आते हैं.
सोमनाथ भारती- सोमनाथ भारती जल बोर्ड के उपाध्यक्ष हैं. वह दिल्ली सरकार में मंत्री रह चुके हैं. वह मालवीय नगर से विधायक हैं.
सहीराम पहलवान- ये तुगलकाबाद से लगातार तीन बार विधायक रहे हैं. उन्हें ज़मीनी नेता माना जाता है.
महाबल मिश्रा- ये पुराने कांग्रेस नेता रहे हैं. वह सांसद रह चुके हैं. उनका बेटा विधायक है.
यह भी पढ़ें: Excise Policy Case: ED ने CM केजरीवाल को भेजा आठवां समन, जानें किस दिन पूछताछ के लिए बुलाया
दिल्ली के मंत्री गोपाल राय ने कहा, ”आम आदमी पार्टी ने आज पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से ऐतिहासिक फैसला किया है. यह एक सामान्य सीट है. दिल्ली में पहली बार सामान्य सीट से आरक्षित वर्ग के उम्मीदवार को मैदान में उतारा गया है।” गोपाल राय ने कहा कि इन सीटों को जीतना हमारा लक्ष्य है.
“अन्य पार्टियाँ सामान्य सीटों से SC समुदाय को टिकट नहीं देतीं”
पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि यह पूर्वी दिल्ली सामान्य श्रेणी की सीट है. यहां से हमने अनुसूचित जाति समुदाय के कुलदीप कुमार को टिकट दिया है. कुछ पार्टियाँ सामान्य सीटों से एससी समुदाय को टिकट नहीं देती हैं। आम आदमी पार्टी बाबा साहब के सपने को ही पूरा कर रही है। कुलदीप कुमार एक सफाई कर्मचारी के बेटे हैं, वह बेहद गरीब परिवार से आते हैं। फिलहाल वह कोंडली सीट से विधायक हैं. उन्हें सभी के आशीर्वाद की जरूरत है.’

