Lok Sabha Elections 2024: दिल्ली लोकसभा चुनाव में सात सीटों के लिए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन लगभग तय हो गया है। हालांकि, अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन राष्ट्रीय राजधानी में गठबंधन का फॉर्मूला तय हो गया है.
सूत्रों के मुताबिक, आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में 4-3 का फॉर्मूला प्रस्तावित किया है. फॉर्मूले के मुताबिक, आम आदमी पार्टी 4 सीटों पर और कांग्रेस 3 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. हालांकि, कांग्रेस 4 सीटों की मांग कर रही है. कांग्रेस की ओर से एक सीट की मांग के कारण अभी तक फॉर्मूले की घोषणा नहीं हो सकी है. अगर इस फॉर्मूले पर सहमति बनी तो बीजेपी के लिए दिल्ली में 2014 और 2019 के नतीजे दोहराना मुश्किल हो जाएगा.
आप और कांग्रेस के लिए राह नहीं आसन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आम आदमी पार्टी ने चांदनी चौक सीट कांग्रेस को देने का प्रस्ताव दिया है। साथ ही पूर्वी दिल्ली और उत्तर पूर्वी सीटें कांग्रेस को देने का प्रस्ताव रखा गया है. दिल्ली में लोकसभा चुनाव 2019 के नतीजों पर नजर डालें तो AAP और कांग्रेस के गठबंधन के बाद भी दिल्ली में बीजेपी को हराना आसान नहीं होगा.
बता दें कि पिछले लोकसभा चुनाव में अकेले बीजेपी को 56.9% वोट मिले थे. वोटों के प्रतिशत के आधार पर, दोनों पार्टियों के समर्थकों को मिलाकर भी आप-कांग्रेस गठबंधन बीजेपी से 16.3% पीछे रहेगा। इसलिए, AAP-कांग्रेस गठबंधन को न केवल अपने पुराने मतदाताओं को बनाए रखना होगा बल्कि नए मतदाताओं को भी गठबंधन का समर्थन करने के लिए राजी करना होगा।
2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को सभी सात सीटों पर कुल 49,08,541 वोट मिले. वहीं कांग्रेस को 19,53,900 मतदाताओं का समर्थन मिला. वहीं, आम आदमी पार्टी को 15,71,687 वोट मिले।

