Chandigarh Mayor Election: चंडीगढ़ मेयर चुनाव मामले पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने आम आदमी पार्टी के कुलदीप कुमार को विजेता घोषित किया. सुप्रीम कोर्ट ने उन 8 अवैध वोटों को भी वैध करार दिया, जिन्हें रिटर्निंग ऑफिसर अनिल मसीह ने अवैध घोषित कर दिया था. बता दें कि 30 जनवरी को आप और कांग्रेस के संयुक्त उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा था.
चंडीगढ़ नगर निगम के मेयर के लिए हुए चुनाव में भाजपा प्रत्याशी मनोज सोनकर 16 वोटों से निर्वाचित हुए। ऐसा इसलिए क्योंकि 36 वोट (35 पार्षद और एक सांसद) की क्षमता वाले इस नगर निगम के मेयर चुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार कुलदीप कुमार को मिले 20 वोटों में से 8 वोट रद्द हो गए थे. इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई और आज यानी मंगलवार (20 फरवरी) को इस पर फैसला सुनाया गया.
नगर निगम का समीकरण
चंडीगढ़ नगर निगम में भाजपा के 14 पार्षद हैं। संख्या के हिसाब से बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी है. उसके बाद 13 पार्षदों के साथ AAP दूसरी सबसे बड़ी पार्टी है. कांग्रेस के 7 पार्षद हैं और एक पार्षद शिरोमणि अकाली दल का है. चंडीगढ़ मेयर चुनाव में स्थानीय सांसद को भी वोट देने का अधिकार है। किरण खेर यहां की सांसद हैं.
किसे कितना वोट मिला
चंडीगढ़ नगर निगम में जीत के लिए 19 वोटों के आंकड़े तक पहुंचना जरूरी था. बीजेपी के पास अपने पार्षदों और सांसद के वोट मिलाकर कुल 15 वोट थे. अगर शिरोमणि अकाली दल के निर्दलीय पार्षद के वोट भी जोड़ दें तो भी बीजेपी का आंकड़ा 16 तक ही पहुंच रहा था. 30 जनवरी को मेयर चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार को इतने ही वोट मिले भी थे. वहीं आप के 13 और कांग्रेस के 7 पार्षदों के वोट जोड़ने पर कुल वोट 20 हो गए। वोटिंग पूरी होने के बाद पता चला कि कांग्रेस और आप के संयुक्त उम्मीदवार के पक्ष में आए 8 वोट खारिज हो गए। इसके बाद दोनों दलों के संयुक्त प्रत्याशी कुलदीप कुमार के पास मात्र 12 वैध वोट बचे थे. इसके बाद बीजेपी प्रत्याशी को विजेता घोषित कर दिया गया.
रिटर्निंग ऑफिसर ने कबूला जुर्म
सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान उन 8 अवैध वोटों को भी वैध करार दिया, जिन्हें रिटर्निंग ऑफिसर अनिल मसीह ने अवैध घोषित कर दिया था. रिटर्निंग ऑफिसर अनिल मसीह द्वारा जानबूझ कर ‘आप’ प्रत्याशी के पक्ष में आठ वोटों को अवैध कर हटाने का विवाद कई सप्ताह बाद सुलझ गया है। मसीह पर अदालत की अवमानना की कार्रवाई भी होगी।
बता दें कि उन्हें सुप्रीम कोर्ट द्वारा ‘कारण बताओ’ नोटिस दिया गया है। सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा, ”हमने वीडियो फुटेज देखा है, जिससे पता चलता है कि चुनाव अधिकारी ने आठ मतपत्रों पर निशान लगाए थे जो कुलदीप कुमार के पक्ष में थे.” अदालत ने कहा, ”19 फरवरी को सुनवाई में अधिकारी ने स्वीकार किया कि उन्होंने आठ मतपत्रों पर अपने हस्ताक्षर के अलावा अलग-अलग निशान बनाए थे, जो उनके अनुसार दोषपूर्ण थे.”
आप उम्मीदवार विजेता घोषित
सुप्रीम कोर्ट ने कहा, “रिटर्निंग ऑफिसर ने अपनी शक्तियों से परे जाकर काम किया. हमने कल सवाल पूछने से पहले अनिल मसीह को गंभीर परिणाम भुगतने के बारे में आगाह किया था.” मुख्य न्यायाधीश चंद्रचूड़ ने अपने आदेश में कहा, “सभी 8 वोट याचिकाकर्ता उम्मीदवार (कुलदीप कुमार) को पड़े थे। वोट अवैध नहीं थे, लेकिन अधिकारी का आचरण कानून के खिलाफ था। इसलिए, हमने मेयर चुनाव के नतीजे रद्द कर दिए हैं।” , जो कानून के अनुरूप नहीं था।”
चीफ जस्टिस ने कहा कि मेयर ने भी इस्तीफा दे दिया है, जिसे वे रिकॉर्ड भी कर रहे हैं. उन्होंने कहा, “याचिकाकर्ता ने शुरू में दोबारा मतदान की मांग की थी, लेकिन हमारा मानना है कि पूरी चुनाव प्रक्रिया को रद्द करना गलत होगा. जो 8 वोट रद्द किए गए थे, उन्हें वैध माना जाएगा. जो 12 वोट मूल रूप से सही थे, उन्हें जोड़ने पर कुल 20 वोट होगा।” इसके बाद शीर्ष अदालत ने ‘आप’ उम्मीदवार को चंडीगढ़ का मेयर घोषित कर दिया.

