Farmers Protest: किसान आंदोलन के मद्देनजर नोएडा पुलिस अलर्ट पर है. इसी को देखते हुए नोएडा में 500 ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे. इसके साथ ही चिल्ला बॉर्डर और डीएनडी बॉर्डर पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी और दिल्ली पुलिस से समन्वय स्थापित किया गया है. किसानों के आंदोलन को देखते हुए नोएडा पुलिस और पीएसी तैनात की गई है और दिल्ली जाने वाले लोगों से मेट्रो का उपयोग करने का आग्रह किया गया है। कॉमर्शियल वाहनों पर रोक रहेगी. दिल्ली जाने वाले कॉमर्शियल वाहनों को रोका जाएगा।
16 फरवरी को देशव्यापी हड़ताल
चिल्ला बॉर्डर और कालिंदी कुंज बॉर्डर पर नोएडा पुलिस की खास नजर रहेगी. 13 फरवरी से 16 फरवरी तक किसान दिल्ली की ओर कूच करेंगे और किसानों के दिल्ली कूच को लेकर पुलिस अलर्ट पर रहेगी. बता दें कि 26 किसान संगठनों ने 13 फरवरी को दिल्ली कूच और 16 फरवरी को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। किसानों के प्रदर्शन को लेकर डीसीपी ट्रैफिक अनिल यादव ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा और किसान मजदूर मोर्चा समेत 26 किसान संगठनों द्वारा 13 फरवरी को दिल्ली कूच के ऐलान के बाद अब 16 फरवरी को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। किसानों के आह्वान के बाद चिल्ला बॉर्डर और डीएनडी बॉर्डर पर भारी पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
13 फरवरी को दिल्ली चलो
इस बीच, दिल्ली में किसानों के 13 फरवरी को प्रस्तावित ‘दिल्ली चलो’ मार्च को लेकर सिंघू, गाज़ीपुर और टिकरी बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और यातायात प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके अलावा, वाहनों को शहर में प्रवेश करने से रोकने के लिए दिल्ली की सीमाओं पर कंक्रीट के अवरोधक और नुकीले बैरिकेड लगाए गए हैं।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब के किसान संघों ने फसलों के लिए एमएसपी की गारंटी सहित कानून बनाने के लिए केंद्र सरकार पर दबाव बनाने के लिए 13 फरवरी को मार्च का आह्वान किया है। क्योंकि 2021 में किसानों ने एमएसपी की गारंटी वाला कानून बनाने की शर्त के साथ अपना आंदोलन वापस ले लिया था, जो अभी तक नहीं हुआ है.

