Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 से पहले राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) अध्यक्ष जयंत चौधरी ने एनडीए में शामिल होने का ऐलान किया है. आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी ने एनडीए में शामिल होने पर अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा, “मैंने अपने सभी विधायकों से बात की है। हमें कम समय में निर्णय लेना था, और परिस्थितियां ऐसी बनीं कि हमने एनडीए के साथ जाने का फैसला किया। हमारे सभी विधायक और कार्यकर्ता हमारे साथ हैं।”
सपा के फॉर्मूले से थे नाराज
हाल ही में मोदी सरकार ने जयंत चौधरी के दादा और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने का ऐलान किया था. इसके बाद से ही जयंत चौधरी के एनडीए में आने की अटकलें लगाई जा रही थीं. हालांकि, अब उन्होंने साफ कर दिया है कि वह जल्द ही बीजेपी के साथ गठबंधन करेंगे. गौरतलब है कि इससे पहले, जयंत चौधरी विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A का हिस्सा थे और समाजवादी पार्टी ने RLD को सात सीटों पर चुनाव लड़ने की पेशकश की थी। हालांकि, जयंत चौधरी सपा के सिंबल और कैंडिडेट फॉर्मूले से नाराज थे.
किस मुंह से इनकार करूं
जब केंद्र सरकार ने पूर्व पीएम चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने की घोषणा की तो जयंत चौधरी ने भारत के राष्ट्रपति और खासकर पीएम मोदी को धन्यवाद दिया. जब उनसे पूछा गया कि क्या वह बीजेपी में शामिल होंगे तो उन्होंने कहा था, ‘मैं किस मुंह से इनकार करूं?’ हालांकि, अब जयंत चौधरी ने खुद ही एनडीए में आने का ऐलान कर दिया है.
जयंत चौधरी का एनडीए में आना I.N.D.I.A गठबंधन के लिए बड़ा झटका होगा. क्योंकि जयंत चौधरी की पश्चिमी यूपी में अच्छी पकड़ मानी जाती है और उनका जाट वोट बैंक अच्छा खासा प्रभाव रखता है. हालाँकि, यह देखने वाली बात होगी कि जयंत चौधरी के बीजेपी के साथ गठबंधन का I.N.D.I.A गठबंधन पर क्या असर पड़ेगा।

