Jasprit Bumrah ICC Ranking: टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह टेस्ट क्रिकेट रैंकिंग में नए नंबर वन गेंदबाज बन गए हैं। जसप्रीत बुमराह एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय वनडे, टी20 और टेस्ट क्रिकेट में नंबर एक गेंदबाज बनने वाले पहले एशियाई गेंदबाज हैं। बुधवार को जारी की गई नई आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में जसप्रीत बुमराह ने यह मुकाम हासिल किया।
बता दें कि इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुए दूसरे टेस्ट मैच में 9 विकेट लेने के बाद जसप्रीत बुमराह ने प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार भी जीता। टेस्ट क्रिकेट में नंबर एक की कुर्सी तक पहुंचने में जसप्रीत बुमराह को सिर्फ 34 मैच लगे हैं. टॉप 10 गेंदबाजों में बुमराह के अलावा अश्विन और जड़ेजा भी शामिल हैं.
तीन खिलाड़ी टॉप 10 में
भारत के स्टार स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को पछाड़कर जसप्रीत बुमराह नंबर एक टेस्ट गेंदबाज बन गए हैं। ताजा रैंकिंग में अश्विन को दो स्थान का नुकसान हुआ है और वह तीसरे स्थान पर आ गये हैं। जसप्रीत बुमराह ने तीन स्थान की छलांग लगाई है। बुमराह ने 881 अंकों के साथ नंबर एक स्थान हासिल किया है।
दक्षिण अफ्रीका के स्टार तेज गेंदबाज रबाडा रैंकिंग में दूसरे स्थान पर हैं. रबाडा के 851 अंक हैं. आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में आर अश्विन 841 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। भारत के स्टार स्पिनर रवींद्र जड़ेजा 746 अंकों के साथ गेंदबाजों में 9वें स्थान पर खिसक गए हैं।
ऐसा करने वाले कोहली के बाद दूसरे एशियाई
गौरतलब है कि जसप्रीत बुमराह ने वो हासिल कर लिया है जो अब तक सिर्फ भारत के नंबर वन बल्लेबाज विराट कोहली ही कर पाए हैं. विराट कोहली के बाद तीनों फॉर्मेट में नंबर वन पोजीशन पर पहुंचने वाले जसप्रीत बुमराह दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं. बुधवार को आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग जारी होने के बाद जसप्रीत बुमराह ने यह मुकाम हासिल किया। बुमराह अब दुनिया के नंबर एक तेज गेंदबाज बन गये हैं. इससे पहले आईसीसी की टी20 और वनडे रैंकिंग में भी जसप्रीत बुमराह ने नंबर वन का स्थान हासिल किया था. अब तक केवल दो एशियाई क्रिकेटर ही तीनों फॉर्मेट में नंबर वन बन पाए हैं और ये दोनों खिलाड़ी भारत से हैं।
विराट कोहली तीनों फॉर्मेट में नंबर वन बनने वाले पहले एशियाई बल्लेबाज हैं. अब, जसप्रीत बुमराह तीनों प्रारूपों में नंबर एक स्थान हासिल करने वाले दूसरे एशियाई क्रिकेटर बन गए हैं। हालांकि, तीनों फॉर्मेट में नंबर वन बनने में सफल होने वाले जसप्रीत बुमराह पहले एशियाई गेंदबाज हैं।

