IND vs ENG: विशाखापत्तनम टेस्ट में इंग्लैंड की पहली पारी 253 रनों पर सिमट गई है. इससे भारतीय टीम को 143 रनों की मजबूत बढ़त मिल गई है. जसप्रीत बुमराह की गेंदबाजी का इंग्लैंड के पास कोई जवाब नहीं था. जसप्रीत बुमराह की गेंदबाजी के सामने इंग्लिश बल्लेबाज बेबस और असहाय नजर आए। जसप्रीत बुमराह ने इंग्लिश बल्लेबाजों के 6 विकेट झटके. इसके अलावा, कुलदीप यादव ने 3 विकेट लिए और अक्षर पटेल को 1 सफलता मिली।
जसप्रीत बुमराह के आगे इंग्लिश बल्लेबाज़ों ने टेके घुटने
इससे पहले भारतीय पारी 396 रन पर ढेर हो गई. जवाब में इंग्लैंड की बल्लेबाजी की शुरुआत अच्छी रही. इंग्लिश ओपनर बेन डकेट और जैक क्रॉली ने पहले विकेट के लिए 59 रन की पार्टनरशिप की. बेन डकेट ने 21 रन बनाए. इसके बाद 114 रन के स्कोर पर इंग्लैंड को दूसरा झटका लगा. अक्षर पटेल का शिकार बनने से पहले जैक क्रॉली ने 76 रन बनाए. जैक क्रॉली के बाद इंग्लिश बल्लेबाज एक के बाद एक पवेलियन लौटते रहे.
जैक क्रॉली ने खेली शानदार पारी, लेकिन…
इंग्लैंड की ओर से जैक क्रॉली ने सबसे ज्यादा 76 रन बनाए. उनके बाद इंग्लिश कप्तान बेन स्टोक्स ने 47 रन की पारी खेली. हालांकि बाकी बल्लेबाजों ने निराश किया. नियमित अंतराल पर इंग्लिश बल्लेबाज पवेलियन लौटते रहे. ओली पोप, जॉनी बेयरस्टो और बेन फॉक्स जैसे बल्लेबाज सस्ते में आउट हो गए।
पहली पारी में भारत ने 396 रन बनाए
इससे पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी में 396 रन बनाए. भारत के लिए यशस्वी जयसवाल ने सबसे ज्यादा 209 रन बनाए. लेकिन उनके अलावा कोई भी भारतीय बल्लेबाज अर्धशतक तक नहीं पहुंच सका. इंग्लैंड के लिए जेम्स एंडरसन, शोएब बशीर और रेहान अहमद ने 3-3 विकेट लिए। हैदराबाद टेस्ट के हीरो टॉम हॉर्टली को 1 सफलता मिली।

