Ban On SIMI: केंद्रीय गृह मंत्रालय ने ‘स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी)’ पर प्रतिबंध पांच साल के लिए बढ़ा दिया है। गृह मंत्रालय ने सोमवार (29 जनवरी) को एक पोस्ट के जरिए इस प्रतिबंध को बढ़ाने के आदेश की जानकारी साझा की।
पोस्ट में गृह मंत्रालय ने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस के परिप्रेक्ष्य में, ‘स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया’ (सिमी) को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत अगले पांच वर्षों के लिए एक गैरकानूनी संगठन घोषित किया गया है।
‘सिमी देश के लिए खतरा’
केंद्र सरकार की ओर से कहा गया है कि सिमी आतंकवाद को बढ़ावा देकर, राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों में योगदान देकर और शांति और सांप्रदायिक सद्भाव को बाधित करके भारत की संप्रभुता, सुरक्षा और अखंडता के लिए खतरा पैदा करता है। पिछले साल केंद्र सरकार ने स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) पर लगे प्रतिबंध का सुप्रीम कोर्ट में सफलतापूर्वक बचाव किया था. केंद्र सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे में कहा गया है कि सिमी भारतीय राष्ट्रवाद के खिलाफ है.
हलफनामे में लगाए गए आरोप
केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि ऐसे किसी भी संगठन को अस्तित्व में रहने की इजाजत नहीं दी जा सकती, जिसका मकसद भारत में इस्लामिक शासन स्थापित करना हो। केंद्र सरकार ने अपने हलफनामे में सिमी पर देश के कानूनों के विपरीत काम करने का आरोप लगाया क्योंकि संगठन का लक्ष्य इस्लाम के प्रचार-प्रसार के लिए छात्रों और युवाओं को इकट्ठा करना और जिहाद के लिए समर्थन जुटाना है।
सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे में कहा गया कि कई सालों तक प्रतिबंधित रहने के बावजूद सिमी विभिन्न संगठनों के जरिए अवैध गतिविधियों में शामिल रहा है. इसलिए इसके खिलाफ नया प्रतिबंध लगाया गया है. केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से सिमी पर प्रतिबंध लगाने के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका खारिज करने का अनुरोध किया.

