Noida News : पॉश अट्टा मार्केट के नाम से मशहूर नोएडा सेक्टर-18 में पार्किंग कर्मचारियों और लोगों के बीच मारपीट का एक मामला सामने आया है। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना शनिवार की रात सेक्टर-18 में हुई है जहां नो-पार्किंग में खड़ी कार में वहां तैनात कर्मियों ने लॉक लगा दिया। इसको लेकर मार्केट आए दबंगों और पार्किंग कर्मियों के बीच कहासुनी हो गई। इस बीच दबंगों ने पार्किंग कर्मियों के साथ जमकर मारपीट की। यह मामला कोतवाली 20 का है।
पुलिस के सामने भी दबंग युवकों ने पार्किंग कर्मियों को बेरहमी से सड़क पर गिराकर पीटा
कार डीएलएफ चौकी एरिया में खड़ी थी। पार्किंग कर्मियों ने कार के पहिए में लॉक लगा दिया। कुछ देर बाद तीन-चार युवक पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद सूचना पर पुलिस आ गई, लेकिन दबंग युवकों ने पुलिस के सामने पार्किंग कर्मियों को बेरहमी से सड़क पर गिराकर पीटा शुरू कर दिया। पास में खड़े एक व्यक्ति ने मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया है। वीडियो में कार का शीशा भी टूटा दिख रहा है। पार्किंग कर्मियों का आरोप है कि मारपीट करने वाले युवक नशे में थे। इस घटना में दो पार्किंग कर्मचारी घायल हुए हैं। पुलिस ने शिकायत पर मारपीट कर रहे तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने कहा नियमों के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी
आरोपियों के रसूख का अंदाजा वायरल वीडियो में देखा जा सकता है। पुलिसकर्मी आरोपियों को पकड़ने के बजाय मौके पर मूकदर्शक नजर आए। यह बात भी सामने आई है कि वीडियो में दिख रहे पुलिसकर्मी डॉयल-112 से थे और सूचना पर आए थे। सेक्टर-20 थाना प्रभारी ने बताया कि पार्किंग कर्मी की शिकायत पर प्रभात, नितिन, रोहित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इन पर मारपीट करने का आरोप है। नियमों के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।

