Bihar Politics: नीतीश कुमार एक बार फिर से बिहार के मुख्यमंत्री का पद संभाल लिया हैं. रविवार को बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई. इसके साथ ही नीतीश कुमार ने नौवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बनने का गौरव हासिल कर लिया है. सीएम पद संभालने से पहले रविवार को नीतीश कुमार ने महागठबंधन से नाता तोड़ राजभवन जाकर अपना इस्तीफा सौंप दिया. इसके बाद उन्हें पहले जेडीयू विधायक दल का नेता और फिर एनडीए विधायक दल का नेता चुना गया.
भाजपा कोटे से डिप्टी सीएम
राज्यपाल ने नीतीश कुमार के अलावा 9 अन्य लोगों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. नीतीश कुमार के अलावा, भाजपा कोटे से डिप्टी सीएम का पद सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा ने संभाला। नीतीश कुमार के बाद सम्राट चौधरी ने शपथ ली. इसके अलावा मंत्री विजय चौधरी, श्रवण कुमार, डॉ. प्रेम कुमार, संतोष कुमार सुमन और विजेंद्र यादव ने भी शपथ ली. शपथ ग्रहण समारोह में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, एलजेपी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान, पशुपति पारस, उपेंद्र कुशवाहा और जीतन राम मांझी समेत एनडीए घटक दलों के सभी नेता मौजूद रहें.
9वीं बार बनें सीएम
नीतीश कुमार के 2000 के बाद की राजनीतिक करियर की बात करें तो लगभग 24 साल के इस राजनीतिक सफर में नीतीश कुमार इससे पहले आठ बार बिहार के मुख्यमंत्री का पद संभाल चुके हैं. 28 जनवरी को जब नीतीश कुमार ने बिहार के सीएम पद की शपथ ली, तो यह नौवीं बार था जब उन्होंने बिहार के सीएम का पद संभाला। बिहार के सीएम बनने से पहले नीतीश कुमार अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में भी मंत्री थे.

