भारतीय दल ने दुबई में आयोजित 2021 एएसबीसी एशियाई युवा और जूनियर मुक्केबाजी चैंपियनशिप में 39 पदकों के साथ अपने सफल अभियान का समापन किया, जिसमें 14 स्वर्ण शामिल हैं।
भारत ने इससे पहले खेले गए जूनियर इवेंट में आठ स्वर्ण, पांच रजत और छह कांस्य पदक सहित 19 पदक हासिल किए थे। इसके बाद भारतीय दल ने युवा मुक्केबाजी स्पर्धा में 20 और पदक (छह स्वर्ण, नौ रजत और पांच कांस्य) जोड़े, जहां दोनों आयु वर्ग (जूनियर और युवा) के मुकाबले पहली बार एक साथ खेले गए।
बिश्वमित्र चोंगथम (51 किग्रा) ने जहां एशियाई चैंपियनशिप में युवा पुरुष वर्ग में पिछले सात वर्षों में भारत के लिए पहला स्वर्ण जीता,वहीं विशाल (80 किग्रा) ने भी देश के लिए स्वर्णिम सफलता हासिल की।
नेहा (54 किग्रा) ने युवा महिला वर्ग में देश को स्वर्ण पदक दिलाया। बाद में, प्रीति दहिया ने 2021 युवा विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता कजाकिस्तान की ज़ुल्दिज़ शायाखमेतोवा के खिलाफ 60 किग्रा फाइनल में जीत दर्ज कर एक और स्वर्ण पदक जीता। स्नेहा कुमारी (66 किग्रा) और खुशी (75 किग्रा) ने भी अपने-अपने फाइनल में स्वर्ण पदक हासिल किया। स्नेहा ने स्थानीय पसंदीदा रहमा अलमुर्शिदी पर जीत दर्ज की, वहीं खुशी ने कजाकिस्तान की डाना दीडे को हराया।
बीएफआई के अध्यक्ष अजय सिंह ने एक बयान में कहा, “यह हमारे जूनियर और युवा मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन रहा है। 39 पदक जीतना एक सराहनीय उपलब्धि है और यह केवल भारत में हमारे पास मौजूद मुक्केबाजी प्रतिभा की गहराई को दर्शाता है।”

