Ramlala Pran Pratishtha: रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने वाले आमंत्रित अतिथियों को एक विशेष डिब्बे में प्रसाद मिलेगा. श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मेहमानों को देने के लिए प्रसाद के 15,000 पैकेट तैयार किए हैं. प्रसाद पैकेट में गुड़ रेवड़ी रामदाने की चिक्की साथ ही अक्षत और रोली होगी। रोली और अक्षत की विशेष रूप से पैक किए गए हैं. प्रसाद पैकेट में भगवान विष्णु के लिए प्रिय ‘तुलसी दल’ भी शामिल है।
इलायची दाना भी शामिल
इसके अलावा, राम लला के प्रसाद में ‘इलायची दाना’ भी शामिल है। फिलहाल रामलला के अस्थायी मंदिर में आने वाले भक्तों को प्रसाद के तौर पर इलाइची दाना दिया जाता है, इसलिए इसे प्राण प्रतिष्ठा समारोह के प्रसाद में भी शामिल किया गया है. इसके साथ ही प्रसाद पैकेट में रक्षा सूत्र भी दिया गया है. इसके अतिरिक्त, पैकेजिंग में ‘राम दीया’ होगा, जिसका उपयोग लोग राम ज्योति जलाने के लिए कर सकते हैं। प्रसाद में सूखे मेवों से बने लड्डू भी शामिल हैं।
समारोह के लिए भव्य आयोजन
प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारी के लिए अयोध्या नगरी को पूरी तरह से सजाया गया है और इस समय रामनगरी का माहौल भक्ति में डूबा हुआ है. राम मंदिर के उद्घाटन से पहले अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. अयोध्या में धर्मपथ से लेकर रामपथ तक सड़कों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है और पुलिस के जवान सड़कों पर गश्त करते देखे जा सकते हैं। रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए राम मंदिर को फूलों और विशेष रोशनी से सजाया गया है। मंदिर के अधिकारियों के अनुसार, सजावट में प्रचुर मात्रा में फूलों का इस्तेमाल किया गया है और 22 जनवरी को होने वाले समारोह के दौरान रोशनी के लिए विशेष डिजाइन तैयार किए गए हैं।

