Ramlala Pran Pratishtha: भगवान राम की मूर्ति के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे और उन्होंने सबसे पहले हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन किए. हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी राम मंदिर के लिए रवाना हुए और ‘समृद्ध और स्वस्थ’ उत्तर प्रदेश के लिए अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले श्री राम जन्मभूमि मंदिर का विंटेज कार से भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और तैयारियों को परखा.
नेपाली बाबा आश्रम में की पूजा-अर्चना
इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जगद्गुरु रामभद्राचार्य से भी मुलाकात की और नेपाली बाबा आश्रम में पूजा-अर्चना की. मुख्यमंत्री योगी ने अयोध्या में सरयू घाट का भी दौरा किया और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया, सरयू घाट पर लाइफ जैकेट वितरित किये. मुख्यमंत्री योगी ने 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियों का आकलन किया। योगी आदित्यनाथ ने पिछले 11 दिनों में तीसरी बार अयोध्या का दौरा किया है, और सुनिश्चित किया है कि भगवान राम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा से पहले सभी तैयारियां ठीक हो जाएं।
22 जनवरी को होगा प्राण-प्रतिष्ठा
गौरतलब है कि राम मंदिर का प्राण-प्रतिष्ठा समारोह 22 जनवरी को होना है और इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहेंगे. इस समारोह से पहले पूरी अयोध्या नगरी को खूबसूरती से सजाया गया है. भगवान राम और उनके धनुष-बाण का कलात्मक चित्रण अयोध्या में राम भक्तों के दिलों को लुभा रहा है, जबकि फ्लाईओवर पर स्ट्रीटलाइट्स और पारंपरिक ‘रामानंदी तिलक’ थीम वाले लैंप पोस्ट आसपास की शोभा बढ़ा रहे हैं। इस समय अयोध्या में दो प्रमुख मार्ग राम पथ और धर्म पथ आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले अयोध्या नगरी अपनी मनमोहक सजावट से मंत्रमुग्ध कर रही है.

