Noida News : सेंट्रल नोएडा के ईकोटेक 3 थाना क्षेत्र में मनचलों ने एक युवती के साथ छेड़छाड़ की और युवती को दुष्कर्म करने की धमकी दी। मनचलों से परेशान होकर युवती ट्रेन छोड़कर ऑटो में जा बैठी तो मनचलों ने ऑटो में भी युवती के साथ छेड़छाड़ की। युवती ने इस मामले में पुलिस से शिकायत की जिस पर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि तीन फरार चल रहे हैं।
पीड़ित महिला ने शिकायत दर्ज कराके पुलिस को बताया पूरा मामला
दरसअल पीड़िता ने शिकायत में लिखवाया की वह खुर्जा से गाजियाबाद ट्रेन द्वारा नौकरी के लिए रोजाना जाती है। चार लड़के करीब एक महीने से उसे ट्रेन में परेशान कर रहे थे। वह रोजाना उसपर अश्लील कमेंट करते जिससे वह परेशान थी लेकिन वह कुछ कह नही पाती थी। इस शनिवार को जब युवती अपनी ड्यूटी जा रही थी तब भी उन लड़कों ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया और अश्लील कमेंट कसने लगे।
इस सब से परेशान होकर युवती ट्रेन से उतरकर ऑटो में जा बैठी, वह चारों मनचले इतने पर भी नहीं माने और उन्होंने ऑटो में जाकर भी युवती को परेशान करना शुरू कर दिया। चारो मिलकर युवती से छेड़छाड़ करने लगे और आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने युवती को रेप करने की धमकी भी दी। इस पूरे वाक्य से युवती परेशान हो गई और उसने पुलिस को कॉल कर दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो तीन आरोपी मौके से फरार हो गए लेकिन एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान हितेश के रूप में हुई है जोकि बुलंदशहर के चोला थाना क्षेत्र के खानपुर का रहने वाला है।
एक आरोपी गिरफ्तार तीन फरार आरोपी की तलाश जारी
ईकोटेक 3 थाना प्रभारी सरिता सिंह ने बताया कि एक युवती के साथ छेड़छाड़ की शिकायत की गई। इस मामले में तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि तीन आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है और जल्द ही उनको भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

