Greater Noida : ग्रेटर नोएडा सुखपाल हत्याकांड में पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगे। इस संबंध में गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने एसीपी सुनील कुमार गंगा प्रसाद और कासना SHO देवेन्द्र शंकर पांडे को उनके पद से हटा दिया है। 16 दिसंबर को सुखपाल पर हमला हुआ था, लेकिन पुलिस ने बिना उचित जांच किए घटना को फर्जी बता दिया। परिजनों का दावा है कि अगर पुलिस ने गहनता से जांच की होती तो सुखपाल आज जिंदा होता।
घटना 26 दिन पहले की है जब कासना निवासी 40 वर्षीय सुखपाल को गोली लगी थी. वह हमलावरों से बचने में कामयाब रहा और घटना की रिपोर्ट करने के लिए कासना पुलिस स्टेशन पहुंचा। हालांकि, पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय पीड़ित को ही दोषी बताकर मामला पलट दिया।
पुलिस पर लापरवाही के आरोप
पुलिस ने पीड़ित से कहा, ”तुम झूठ बोल रहे हो। तुम पर कोई गोली नहीं चलाई गई। घटनास्थल पर कोई खाली कारतूस नहीं मिला, और किसी ने भी गोलीबारी नहीं देखी। अगर गोलियां चलीं तो किसी ने सुना होगा।” 16 दिसंबर को हुई घटना पर कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने सुखपाल पर अवैध संबंधों का आरोप लगा दिया। करीब 26 दिन पहले सुखपाल ने पुलिस से मदद मांगी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. पुलिस के हस्तक्षेप के अभाव में गुरुवार को दादरी में सुखपाल की बेरहमी से हत्या कर दी गई। परिजनों का तर्क है कि अगर पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई की होती तो सुखपाल आज अपने परिवार के साथ होता. सुखपाल के परिवार का सवाल है कि जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होगी।
ये भी पढ़ें..
अज्ञात हमलावरों ने मारी थी गोली..
गुरुवार को ग्रेटर नोएडा के अपर पुलिस उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि कासना निवासी 40 वर्षीय सुखपाल अजायबपुर नारायण गोल्फ कोर्स के पास बाइक चला रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं. सुखपाल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक के परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है. मामले की जांच के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं और महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। परिवार ने कुछ लोगों पर शक जताया है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

