Weather Update: दिल्ली में शनिवार की सुबह इस सर्दी के मौसम की सबसे ठंडी सुबह रही। न्यूनतम तापमान गिरकर 3.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और पूरा शहर घने कोहरे से ढ़का हुआ नजर आया। लोदी रोड इलाके में घने कोहरे के कारण पारा और गिरकर 3.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया.
साथ ही, उत्तर भारत के अधिकांश हिस्से भीषण शीतलहर की चपेट में हैं। मौजूदा शीत लहर की स्थिति के कारण, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में शनिवार (13 जनवरी) के लिए रेड अलर्ट और रविवार को क्षेत्र के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि 16 जनवरी तक अगले 3-4 दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में घने कोहरे और शीत लहर की स्थिति में महत्वपूर्ण सुधार की कोई संभावना नहीं है।
अगले 3 दिन तक सर्दी से राहत नहीं
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर घना कोहरा छाया हुआ है, जबकि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान में विभिन्न स्थानों पर घना कोहरा जारी रहेगा। इसके अलावा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में मध्यम कोहरा छाया हुआ है, जबकि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्थानों में गंभीर ठंड की स्थिति बनी हुई है।
कोहरे और ठंड के मौसम के बारे में मौसम विभाग ने आगे कहा, “उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में कोहरे की घनी चादर छाई हुई है, जिससे पूरे क्षेत्र में रेल और हवाई यातायात बाधित हो गया है। उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अगले 3 दिन घना कोहरा छाया रहेगा।”

