INDI alliance Meeting: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इंडिया अलायंस का संयोजक बनने से इनकार कर दिया है. शनिवार को हुई इंडिया अलायंस की वर्चुअल बैठक में उन्हें समन्वयक नियुक्त करने का प्रस्ताव रखा गया. उन्होंने इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया.
दरअसल, लोकसभा चुनाव में बीजेपी के खिलाफ बने 28 दलों के गठबंधन की शनिवार को अहम बैठक हुई. इस वर्चुअल बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, एनसीपी प्रमुख शरद पवार, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) नेता सीताराम येचुरी, तमिलनाडु के सीएम और डीएमके प्रमुख स्टालिन समेत 14 पार्टियों के नेता शामिल हुए. बैठक में पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी और शिवसेना (उद्धव गुट) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने हिस्सा नहीं लिया.
ममता ने बताई वजह
सीट बंटवारे और गठबंधन के लिए समन्वयक की नियुक्ति सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के लिए शनिवार को बैठक बुलाई गई थी। विपक्षी गठबंधन के नेताओं ने भी इन मुद्दों पर चर्चा की. इस दौरान नीतीश कुमार ने संयोजक बनने से इनकार कर दिया.
इस बैठक में ममता बनर्जी शामिल नहीं हुईं. उनकी ओर से कहा गया कि उन्हें बैठक की जानकारी देर से मिली और पहले से प्रतिबद्धताएं थीं इसलिए वह विपक्षी गठबंधन की बैठक में हिस्सा नहीं लेंगी. साथ ही महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे भी वर्चुअल मीटिंग में शामिल नहीं हुए.

