Ram Mandir Inauguration: कांग्रेस पार्टी ने अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की अटकलों और विवादों पर विराम लगा दिया है. कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि न तो सोनिया गांधी और न ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके अलावा, लोकसभा में विपक्ष के नेता अधीर रंजन चौधरी भी भाग नहीं लेंगे। इन नेताओं ने राम मंदिर कार्यक्रम का न्योता ठुकरा दिया है.
कांग्रेस ने क्या कहा ?
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक बयान जारी कर कहा, ”पिछले महीने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी और लोकसभा में विपक्ष के नेता अधीर रंजन चौधरी को अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया गया था.” भगवान राम की पूजा लाखों भारतीयों द्वारा की जाती है। धर्म व्यक्तियों के लिए एक व्यक्तिगत मामला है। लेकिन, भाजपा और आरएसएस ने वर्षों से अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण को एक राजनीतिक परियोजना में बदल दिया है।”
उन्होंने आगे कहा, “यह स्पष्ट है कि आंशिक रूप से निर्मित मंदिर का उद्घाटन केवल चुनावी लाभ के लिए किया जा रहा है। 2019 में माननीय सुप्रीम कोर्ट के फैसले को स्वीकार करते हुए और लोगों की आस्था का सम्मान करते हुए, श्री मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, अधीर रंजन चौधरी, भाजपा और आरएसएस द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के निमंत्रण को अस्वीकार करते है।”
दरअसल, 22 जनवरी को होने वाले राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत 6,000 से ज्यादा लोगों को आमंत्रित किया गया है.
कौन से नेता नहीं ले रहे हिस्सा?
सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और अधीर रंजन चौधरी के अलावा, सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी समारोह में शामिल नहीं होंगी। इसके अलावा, सीपीआई (एम) नेता सीताराम येचुरी ने भी निमंत्रण अस्वीकार कर दिया है।
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी ने मंगलवार (9 जनवरी) को बीजेपी पर लोकसभा चुनाव से पहले राम मंदिर के उद्घाटन के जरिए अयोध्या में नाटक करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वह धार्मिक आधार पर लोगों को बांटने में विश्वास नहीं रखतीं।

