Bilkis Bano Case: गुजरात में 2002 के दंगों के दौरान बिलकिस बानो सामूहिक बलात्कार मामले में 11 दोषियों को समय से पहले रिहा करने के राज्य सरकार के फैसले को सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को पलट दिया। न्यायमूर्ति बीवी नागरत्ना और न्यायमूर्ति उज्ज्वल भुइयां की पीठ ने कहा कि सजा अपराधों को रोकने के लिए दी जाती है और पीड़ित की पीड़ा पर भी विचार किया जाना चाहिए।
सरकार के पास रिहाई का कोई अधिकार नहीं
पीठ ने कहा कि गुजरात सरकार के पास रिहाई संबंधी निर्णय लेने का कोई अधिकार नहीं है। वे दोषियों को कैसे माफ कर सकते हैं? अगर मुकदमा महाराष्ट्र में हुआ तो रिहाई का फैसला भी महाराष्ट्र सरकार ही करेगी. जिस राज्य में आरोपियों पर मुकदमा चलाया जाता है और सजा सुनाई जाती है, उसे दोषियों की माफी की याचिका पर निर्णय लेने का अधिकार है।
कोर्ट ने पूर्व न्यायाधीश का फैसला पलटा
इस टिप्पणी के साथ ही कोर्ट ने मई 2022 में सेवानिवृत्त न्यायाधीश अजय रस्तोगी के उस फैसले को भी रद्द कर दिया, जिसमें 11 दोषियों को गुजरात सरकार से शीघ्र माफी की अपील करने की अनुमति दी गई थी. गुजरात सरकार ने उन्हें 15 अगस्त, 2022 को रिहा कर दिया था। पीठ ने सभी 11 दोषियों को दो सप्ताह के भीतर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया।
सुप्रीम कोर्ट में दो याचिकाएं दायर की गईं थी
बिलकिस बानो मामले में 11 दोषियों की रिहाई के खिलाफ 30 नवंबर, 2022 को सुप्रीम कोर्ट में दो याचिकाएं दायर की गईं। पहली याचिका में उनकी रिहाई को चुनौती देते हुए उन्हें तुरंत वापस जेल भेजने की मांग की गई. दूसरी याचिका में मई में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर पुनर्विचार की मांग की गई है.
बिलकिस बानो ने उठाया सवाल
कोर्ट ने कहा था कि दोषियों की रिहाई पर फैसला गुजरात सरकार करेगी. बिलकिस बानो ने सवाल उठाया कि जब मुकदमा महाराष्ट्र में हुआ तो गुजरात सरकार कैसे निर्णय ले सकती है। मामले के सभी 11 दोषियों को आजादी के अमृत महोत्सव के तहत रिहा किया गया था।

