IND Vs AFG: टी20 फॉर्मेट में रोहित शर्मा की बतौर कप्तान वापसी हुई है. विराट कोहली एक बार फिर टी20 फॉर्मेट में टीम इंडिया के लिए खेलते नजर आएंगे. दोनों खिलाड़ियों को अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है. हार्दिक पंड्या और सूर्यकुमार यादव चोट के कारण इस सीरीज में नहीं खेल पाएंगे. इशान किशन और रुतुराज गायकवाड़ भी इस सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे. विकेटकीपर के तौर पर संजू सैमसन और जितेश शर्मा को मौका दिया गया है.
रोहित शर्मा और विराट कोहली आखिरी बार नवंबर 2022 में टीम इंडिया के लिए टी20 फॉर्मेट में खेलते नजर आए थे. लंबे समय के बाद ये दोनों खिलाड़ी वापसी कर रहे हैं और कयास लगाए जा रहे हैं इस साल होने वाले टी20 विश्व कप में विराट कोहली और रोहित शर्मा खेलते नजर आएंगे.
इन खिलाड़ियों की हुई छुट्टी
हार्दिक पंड्या ने नवंबर 2022 से टी20 फॉर्मेट में टीम इंडिया की कमान संभाली है. हालांकि, चोट के कारण वह टीम का हिस्सा नहीं होंगे. सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या सीधे आईपीएल में खेलते नजर आ सकते हैं. इशान किशन की जगह चयनकर्ताओं ने संजू सैमसन पर भरोसा दिखाया है और उन्होंने लंबे समय बाद टी20 टीम में वापसी की है. केएल राहुल और श्रेयस अय्यर को भी टी20 टीम से बाहर रखा गया है.
गेंदबाजी विभाग में बदलाव:
अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में गेंदबाजी विभाग में भी बदलाव देखने को मिलेंगे. युजवेंद्र चहल, रवींद्र जड़ेजा और आर अश्विन को मौका नहीं मिला. स्पिन की जिम्मेदारी अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव और रवि बिश्नोई के पास है। तेज गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह, आवेश खान और मुकेश कुमार जैसे युवा खिलाड़ियों पर भरोसा किया गया है.
यह भी पढ़ें: सिंपल लाइफ जीने वाले MS Dhoni के बदले हुए दो अंदाज से सोशल मीडिया पर मचा तहलका
टीम इस प्रकार है:
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, यशस्वी जयसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह , मुकेश कुमार, आवेश खान।

