Noida News : नोएडा : दिल्ली-एनसीआर के छह प्रमुख बिल्डरों पर बृहस्पतिवार को आयकर विभाग ने सर्वे की कार्रवाई की है। इसमें भूटानी समूह के अलावा लॉजिक्स, एडवांट, ग्रैनस्लैम, ग्रुप 108 और बुलमैन रियलिटी समूह शामिल हैं।
छह बिल्डरों के कॉरपोरेट ऑफिस और प्रोजेक्ट साइटों समेत 35 ठिकानों पर की गई छापेमारी
बृहस्पतिवार को आयकर विभाग की 18 टीमें छह बिल्डरों के कॉरपोरेट ऑफिस और प्रोजेक्ट साइटों समेत 35 ठिकानों पर एकसाथ पहुंची। इस दौरान सुरक्षा के लिए 240 पुलिसकर्मी भी सर्वे में शामिल किए गए। बृहस्पतिवार सुबह कार्यालय खुलने से पहले ही टीमें पहुंच गईं और सर्वे शुरू कर दिया। देर शाम तक कार्रवाई जारी रही। सर्वे की कार्रवाई प्रमुख रूप से नोएडा में की गई। हालांकि नोएडा के अलावा गुरुग्राम, दिल्ली, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में भी बिल्डर कार्यालयों और प्रोजेक्ट साइट पर दस्तावेजों की जांच की गई।
विभाग की टीम फंड की निकासी की कर रही जांच
अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक बिल्डर कंपनियों के संदिग्ध लेनदेन के इनपुट की छानबीन के बाद कार्रवाई की गई है। बताया जा रहा है विभाग की टीम रिहायशी और व्यावसायिक प्रोजेक्टों में हुए निवेश के स्त्रोत के अलावा फंड की निकासी की जांच कर रही है। आयकर की देयता को भी विभाग की टीमें देख रही हैं। कंपनियों के अधिकारियों से भी पूछताछ की गई है। विभाग की तरफ से बिल्डर कंपनियों पर सर्वे के बारे में आधिकारिक रूप से बयान जारी नहीं हुआ है। अहम है कि भूटानी समूह और एडवांट को दिल्ली-एनसीआर में लग्जरी कॉमर्शियल प्रोजेक्टों के लिए पहचान मिली हुई है। लॉजिक्स ग्रुप ने भी नोएडा में कई बड़े प्रोजेक्ट किए हैं। बृहस्पतिवार को सर्वे के दौरान कंपनी के सेक्टर-16 स्थित कॉरपोरेट ऑफिस में किसी की भी आवाजाही रोक दी गई थी।

