CM Yogi Death Threat: सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी मिलने के बाद देवरिया जिले की रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, रुद्रपुर कोतवाली प्रभारी महेंद्र कुमार चतुर्वेदी की लिखित शिकायत के आधार पर आईपीसी की धारा 505(2) और 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है.
गौरतलब है कि प्रदेश के देवरिया जिले के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम फत्तेहपुर में प्रेमचंद यादव और सत्यप्रकाश दुबे के परिवार के पांच सदस्यों की हत्या हुई थी। जांच के दौरान पता चला कि प्रेमचंद यादव गुट के समर्थकों ने खलिहान, परती, जंगल और एक कॉलेज की जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है।
जमीन को लेकर विवाद
खलिहान की जमीन पर प्रेमचंद यादव का घर बना हुआ था. इसके बाद, रुद्रपुर के तहसीलदार ने उक्त भूमि के लिए उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता 2006 की धारा 67 के तहत बेदखली का आदेश जारी किया। प्रेमचंद यादव के समर्थकों ने तहसीलदार के फैसले को जिलाधिकारी की अदालत में चुनौती दी. जिला मजिस्ट्रेट ने तहसीलदार के आदेश को बरकरार रखते हुए इस अपील को खारिज कर दिया।
इस बात पर भड़के एक सिरफिरे ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी दे दी. पोस्ट संज्ञान में आते ही जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया और गुरुवार को मामला दर्ज कर लिया गया.

