Noida News : मांगों को लेकर किसानों का प्रदर्शन नोएडा प्राधिकरण पर जारी है। इसी को लेकर आज प्राधिकरण के बाहर महापंचायत भी की जाएगी। इस महा पंचायत में 81 गांवों के किसान हिस्सा लेंगे। इसके लिए भारतीय किसान परिषद के पदाधिकारी एक-एक गांव गए और वहां किसानों से महापंचायत में शमिल होने के लिए जागरुक किया। वहीं एनटीपीसी के किसान भी इस महापंचायत में शामिल होंगे। इसकी तैयारी पूरी हो चुकी है।
महापंचायत में नहीं निकला हल तो दिल्ली जाकर किसान उठाएंगे आवाज (भारतीय किसान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखवीर खलीफा)
भारतीय किसान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखवीर खलीफा ने कहा कि महापंचायत में जो पंचो की राय होगी उसी के अनुसार आगे बढ़ा जाएगा। प्राधिकरण की अनिश्चित कालीन तालाबंदी भी की जा सकती है। इससे पहले भी किसान प्राधिकरण की तालाबंदी कर चुके है। सुखवीर खलीफा ने कहा कि कल दोपहर को किसान ट्रैक्टर ट्रॉली के जरिए नोएडा प्राधिकरण आएंगे। यहां विशाल टेंट लगा दिया गया है। महापंचायत के बाद किसान यही रुकेंगे। इस दौरान अधिकारियों से सीधे बातचीत भी की जा सकती है। इसके लिए अधिकारियों को महापंचायत में आमंत्रित किया जाएगा। यदि यहां समस्या का हल नहीं निकला तो दिल्ली जाकर अपनी आवाज रखी जाएगी। बताया गया कि इस महापंचायत में अन्य किसान संगठन भी हिस्सा ले सकते है।
नोएडा प्राधिकरण पर धरना दे रहे किसानों की मांग
10 प्रतिशत अतिरिक्त भूखंड प्रत्येक किसान को किया जाए।
आबादी की सीमा 450 मीटर से बढ़ाकर एक हजार मीटर की जाए।
अतिक्रमण के नाम पर किसानों के भूखंड को प्राधिकरण में न रोका जाए।
पांच प्रतिशत के विकसित भूखंड पर वाणिज्यिक गतिविधि अनिवार्य की जाए।
15 दिनों में 4 बार अधिकारियों से हो चुकी है बैठक
वैसे तो किसान 2019 से मांगों को लेकर समय-समय पर प्राधिकरण के बाहर प्रदर्शन कर रहे है। इस बार भी प्रदर्शन करते हुए उन्हें 15 दिनों से ज्यादा बीत गए। लेकिन अभी तक उनकी मांगों को नहीं माना गया। पिछले 15 दिनों में करीब 4 बार प्राधिकरण अधिकारियों से वार्ता हो चुकी है। सीईओ लोकेश एम वार्ता के जरिए ही इसका समाधान निकालने के पक्ष में है। वहीं किसानों का कहना है बार बार सिर्फ आश्वासन ही दिया जा रहा है। उनकी मांगों का अब तक शासन स्तर से कोई जवाब नहीं आया है। यही नहीं पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी किसानों को आश्वस्त कर चुके है कि उनकी मांगों को सक्षम अधिकारी तक पहुंचाया जाएगा।
महापंचायत के बाद 24 घंटे होगी प्राधिकरण की निगरानी
किसान नेता उदल यादव ने बताया कि महापंचायत के बाद नोएडा प्राधिकरण की निगरानी मातृ शक्ति को दी जाएगी। वहीं यहा की कमान संभालेंगी। 24 घंटे यही रहेंगी और हवन पूजन के बाद रोजाना धरना देंगी। किसानों ने इन महिलाओं के रुकने की पूरी व्यवस्था यहां कर दी है। उदल यादव ने कहा कि अबकी बार हम अपना हक लेकर ही जाएंगे। चाहे इसके लिए हमे प्राधिकरण की तालाबंदी क्यों न करनी पड़े।

