Ghaziabad News: कई बार कुछ बातें दिल पर इस तरह चोट करती है कि सामने वाला उसका जवाब जरूर देता है। हालांकि यह भी माहौल पर निर्भर करता है। अगर माहौल सही हो तो गलत बात भी सहन हो जाती है वहीं अगर माहौल खराब हो तो मजाक वाली बात भी बर्दाश्त से बाहर हो जाती है। ऐसा ही कुछ मामला महानगर के वरिष्ठ भाजपा नेताओं व जिलाधिकारी के बीच नजर आ रहा है। इन वरिष्ठ नेताओं के दिल पर बात इस कदर गुजरी की इन्होंने जिलाधिकारी को पत्र के साथ चाय के पैसे भेज दिए। इसकी फोटो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।
वरिष्ठ नेता करते रहे लंबा इंतजार
दरअसल शनिवार को सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विजयनगर स्थित जल निगम के गेस्ट हाऊस में रूके थे। रविवार सुबह वह गौतमबुद्धनगर विश्व विद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए रवाना हो गए। शनिवार देर शाम वह गेस्ट हाऊस पहुंचे तो क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया उनके साथ यहा पहुंचे। इसके बाद जनप्रतिनिधि, पूर्व जनप्रतिनिधि, जिला व महानगर अध्यक्ष, राज्यसभा सांसद भी मुख्यमंत्री से मुलाकात करने पहुंच गए। जिले के विभिन्न विकास कार्यों व समस्याओं को लेकर सभी की मुख्यमंत्री के साथ लंबी बातचीत हुई। इससे वह काफी संतुष्ट नजर आए। सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए संगठन की तरफ से वरिष्ठ नेताओं के नाम तय किए गए थे। वे लोग मुख्यमंत्री से मिलने के लिए प्रताप बिहार स्थित गेस्ट हाउस जा पहुंचे। मुख्यमंत्री से वार्ता की आस में पार्टी के 12 वरिष्ठ नेता काफी देर तक इंतजार करते रहे।
सम्मान को पहुंची ठेस
बता दें कि नेताओं का कहना है कि प्रशासनिक अधिकारियों की तरफ से पहले तो आश्वासन दिया गया कि अभी थोड़ी देर में मुलाकात कराएंगे। लेकिन इसके बाद वार्ता की बजाए लाइनअप कराने लगे। नेताओं का कहना है कि इसबात से उनके सम्मान को काफी ठेस पहुंची। ऊपर से ऐसे माहौल में जिलाधिकारी ने चाय पिलाने की बात मजाकिया लहजे में कह दी। उनकी इसबात ने आग में घी का काम कर दिया। हालांकि बाद में मामले को साधने की काफी कोशिश भी हुई। लेकिन तब तक माहौल काफी बिगड़ गया। बात वरिष्ठ नेताओं के दिल पर चोट कर गयी। इसके बाद वरिष्ठ नेताओं ने भी रविवार को ईंट का जवाब पत्थर से दिया। उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र लिखा और उसके साथ प्रति चाय पचास रुपये के हिसाब से पत्र के साथ भेज दिए। सोशल मीडिया पर पत्र का फोटो वायरल होने के बाद मामले की चचार्एं जोरों पर है।

