Opposition MPs Suspended: लोकसभा से तीन और सांसदों को निलंबित कर दिया गया है। लोकसभा अध्यक्ष ने कांग्रेस सांसद नकुल नाथ, डी.के.सुरेश और दीपक बैज को उनके कथित कदाचार के कारण मौजूदा शीतकालीन सत्र से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही निलंबित सांसदों की कुल संख्या 146 हो गई है, जिनमें से 100 लोकसभा से हैं।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने निलंबन की घोषणा करते हुए कहा कि सांसद लोकसभा में बार-बार कार्यवाही में बाधा डाल रहे हैं, तख्तियां दिखा रहे हैं, नारेबाजी कर रहे हैं और कागजात फाड़ रहे हैं, जो सदन की गरिमा के खिलाफ है।
ओम बिड़ला ने क्या कहा ?
अध्यक्ष ने व्यवधान डाल रहे विपक्षी सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा, “मैं किसी भी सदस्य को बिना कारण बताए निलंबित नहीं करना चाहता। जनता ने आपको चुना है। आपको यहां चर्चा करने और अपने विचार व्यक्त करने का अधिकार है। कृपया अपनी सीटों पर जाएं, और आपको शून्यकाल के दौरान बोलने का मौका देंगे।”
उन्होंने सवाल किया, “क्या यह सही तरीका है? क्या यही सदन की गरिमा है? मनमाने ढंग से सदस्यों को निलंबित करने की बात करना सही नहीं है।”
सांसदों का निलंबन 14 दिसंबर को शुरू हुआ, जब विपक्षी सांसदों ने संसद की सुरक्षा में सेंध को लेकर गृह मंत्री अमित शाह से बयान की मांग की। बता दें कि 13 दिसंबर को, एक बड़ी सुरक्षा चूक हुई जब दो युवकों ने लोकसभा में सुरक्षा का उल्लंघन किया. आरोपियों ने दर्शक दीर्घा से कूदकर कलर स्प्रे का उपयोग करके अराजकता पैदा कर दी। इस घटना के सिलसिले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
कब-कितना निलंबन ?
14 दिसंबर को सदन के अपमान के मामले में 13 सांसदों को निलंबित कर दिया गया, 18 दिसंबर को 33 सांसदों को निलंबित कर दिया गया, 19 दिसंबर को 49 सांसदों को निलंबित कर दिया गया और 20 दिसंबर को दो और विपक्षी सांसदों को निलंबित कर दिया गया. राज्यसभा में एक सांसद को 14 दिसंबर को और 45 सांसदों को 18 दिसंबर को निलंबित कर दिया गया था.
सूत्रों के मुताबिक, संसद के शीतकालीन सत्र का आखिरी कार्य दिवस शुक्रवार (22 दिसंबर) है. कयास लगाए जा रहे हैं कि आज (गुरुवार) सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित की जा सकती है.

