Noida News : नोएडा के जिला संयुक्त अस्पताल में पैथोलॉजी जांच की रिपोर्ट लेने के लिए परिसर में रूकने या अगले दिन दोबारा आने की जरूरत नहीं होगी। लैब से रिपोर्ट सीधे मोबाइल पर मिल जाएगी। मरीज अपनी सुविधा से जांच रिपोर्ट डॉक्टर को भी दिखा पाएंगे। इसके लिए अभी क्यू-आर कोड पर चल रही लैब व्यवस्था को मोबाइल एप से जोड़ने की तैयारी है। यह काम आयुष्मान भारत हेल्थ एकाउंट (आभा) के जरिए होगा।
पैथोलॉजी की जांच को ऑनलाइन उपलब्ध कराना सबसे बड़ा बदलाव होगा
आभा प्रोजेक्ट को देख रहे चिकित्सा अधिकारी डॉ. रिषभ कुमार ने बताया कि पूरे अस्पताल को चरणबद्ध तरीके से ऑनलाइन किया जाना है। इसके लिए अभी चार मॉड्यूल लागू किए जा रहे हैं। पैथोलॉजी की जांच को ऑनलाइन उपलब्ध कराना सबसे बड़ा बदलाव होगा। इसके लिए अभी क्यू-आर कोड से नमूने लिए जाने की व्यवस्था लागू हो गई है। सी-डैक एक सॉफ्टवेयर तैयार कर रही है। इस सॉफ्टवेयर के तैयार होते ही ड्रीफकेस मोबाइल एप के जरिए सीधे रिपोर्ट मिल जाएगी। 14 अंक की यूनिक आभा आईडी के जरिए इन रिपोर्ट को डॉक्टर और मरीज दोनों ही देख पाएंगे। रिपोर्ट मिलने के बाद ऑनलाइन ही डॉक्टर की अप्वाइंटमेंट लेकर मरीज दिखा भी सकेगा। जिला अस्पताल में यह व्यवस्था पहले ही शुरू हो चुकी है। अगले चरण में मरीजों को दिए गए समय पर डॉक्टर को दिखाने के लिए अलर्ट भी भेजे जाने की व्यवस्था होगी। यह काम आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन में हो रहा है।
ऑनलाइन ओपीडी में बढ़ रहे मरीज
ऑनलाइन ओपीडी देख रहीं चिकित्सा अधिकारी डॉ. आद्या सिंह ने बताया कि आभा आईडी से अप्वाइंटमेंट लेने वाले मरीजों को ऑनलाइन ओपीडी में देखा जा रहा है। अभी यह सुविधा मेडिसिन विभाग के लिए शुरू हुई है। रोजाना इस ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। मंगलवार को भी 206 मरीज अपना इलाज कराने के लिए पहुंचे उनको ऑनलाइन ही दवा की पर्ची दी गई। इसके बाद आभा आईडी से ही फार्मेसी ने भी उनको दवा दे दी। इससे अब पर्चा खोने या फटने की दिक्कत खत्म हो गई। अब डॉक्टर को पता रहेगा कि मरीज को क्या दवाएं और जांच बताई गई थीं।

