Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा के साथ ही उपमुख्यमंत्री के नाम की भी घोषणा हो गयी है. राज्य में दो उपमुख्यमंत्री होंगे. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और विजय शर्मा को उप मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया है, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह को विधानसभा अध्यक्ष बनाया जाएगा।
आदिवासी और ओबीसी को एक साथ साधा
बीजेपी ने मुख्यमंत्री पद के लिए आदिवासी नेता को चुना है और दोनों उपमुख्यमंत्रियों के चयन में भी ओबीसी वोट बैंक का ध्यान रखा गया है. अरुण साव ओबीसी समुदाय से आते हैं. कबीरधाम जिले से बीजेपी विधायक विजय शर्मा ने मंत्री मोहम्मद अकबर को 39,592 वोटों से हराया. विजय शर्मा छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश सचिव हैं और पहले भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्य कर चुके हैं। 50 साल के विजय शर्मा पहली बार विधायक बने हैं.
अरुण साव मुंगेली जिले की लोरमी सीट से कांग्रेस प्रत्याशी थानेश्वर साहू को 45891 वोटों से हराकर पहली बार विधायक चुने गए हैं. वह फिलहाल बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हैं और पिछले साल अगस्त में विष्णु देव साय की जगह उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई थी. वह बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद रह चुके हैं। विधायक चुने जाने के बाद केंद्रीय नेतृत्व ने उनसे सांसद पद से इस्तीफा देने को कहा. विजय शर्मा की तरह 55 वर्षीय अरुण साव भी पहली बार विधायक बने हैं.
तीन बार के सीएम रमन सिंह के अनुभव का उपयोग किया जाएगा
भाजपा द्वारा विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए चुने गए रमन सिंह भाजपा सरकार में तीन बार छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। इस बार वह भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल थे. हालाँकि, पार्टी ने उन्हें विधानसभा अध्यक्ष नियुक्त करके उनके अनुभव का उपयोग करने का निर्णय लिया। रमन सिंह परंपरागत रूप से अपने गृहनगर राजनांदगांव से चुनाव जीतते रहे हैं.

