UP Politics: 6 दिसंबर को दिल्ली में इंडिया अलायंस की बैठक से पहले सियासी घमासान मच गया है। इंडिया अलायंस के सभी दलों के नेता बैठक से दूरी बनाए हुए नजर आ रहे हैं, जिसके बाद तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। अब समाजवादी पार्टी (अखिलेश यादव) ने भी अपना रुख साफ कर दिया है।
INDIA गठबंधन की बैठक में भाग नही लेंगे अखिलेश यादव
मंगलवार को समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने अखिलेश यादव की बैठक में शामिल होने को लेकर बयान दिया। उन्होंने साफ कहा, ‘फिलहाल समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव का इंडिया अलायंस की बैठक में शामिल होने की कोई योजना नहीं है।’ उनके इस बयान ने राजनीतिक अटकलों को दूर कर दिया है।
दरअसल, सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली बैठक में अखिलेश यादव के शामिल होने की संभावना नहीं है. हालांकि, समाजवादी पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेता पार्टी की ओर से बैठक में शामिल हो सकते हैं. सूत्रों का दावा है कि हाल ही में हुए विधान सभा चुनाव के बाद Akhilesh Yadav कांग्रेस से काफी नाराज हैं।
इन नेताओं ने भी बनाई दूरियां
दरअसल, इंडिया अलायंस की बैठक में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी मौजूद नहीं रहेंगी. साथ ही बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बैठक के लिए दिल्ली नहीं जाएंगे. सूत्रों के मुताबिक स्वास्थ्य कारणों से नीतीश कुमार दिल्ली नहीं जा रहे हैं. ऐसे में ममता बनर्जी और नीतीश कुमार के बाद अब अखिलेश यादव ने भी बैठक से दूरी बना ली है.
गौरतलब है कि हाल ही में हुए विधान सभा चुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच तल्खी बढ़ गई थी. एमपी चुनाव में समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस से गठबंधन के लिए 5 सीटों की मांग की थी. हालाँकि, गठबंधन नहीं हो सका, जिसके कारण दोनों दलों के बीच तीखी जुबानी लड़ाई हुई। कांग्रेस के फैसले से अखिलेश यादव काफी नाराज दिखे.

