रेव पार्टी में सांपों का जहर सप्लाई करने के मामले में एल्विश के खिलाफ पुलिस जांच धीमी होती जा रही है। अब तक न तो एल्विश यादव (Elvish Yadav) को पुलिस ने दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया और ना ही फाजिलपुरिया को हालांकि, पुलिस अधिकारी इस मामले की जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कह रहे हैं। इस मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं हैं।
पुलिस अभी तक नहीं कस पाई एल्विश यादव पर शिकंजा
रेव पार्टी में सांपों का जहर सप्लाई करने के आरोप में घिरे बिग बॉस ओटीटी 2 के विजेता एल्विश यादव पर पुलिस अभी तक शिकंजा नहीं कस पाई है। कोतवाली सेक्टर-49 में मुकदमा दर्ज करते वक्त पुलिस ने एल्विश (Elvish Yadav) की गिरफ्तारी का दावा किया था लेकिन अब धीरे-धीरे पुलिस की जांच धीमी हो रही है। शुरुआत में पुलिस सबूत जुटाने की बात कहकर मामले को टालती रही लेकिन अब तक सबूत नहीं जुटाने के बाद पुलिस पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस मामले में एल्विश (Elvish Yadav) से एक बार पूछताछ हुई है। इसके बाद भी नोएडा पुलिस ने नोटिस भेजकर एल्विश को बुलाया लेकिन वह नहीं आया।
फाजिलपुरिया से भी पुलिस ने नहीं की अभी तक पूछताछ
इसी तरह हरियाणवी सिंगर फाजिलपुरिया का भी सांपों का जहर सप्लाई में नाम आया और पुलिस ने फरीदाबाद जाकर दबिश भी दी। हालांकि अब तक फाजिलपुरिया से पुलिस ने पूछताछ नहीं की उसे बुलाया भी नहीं गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में पुलिस की टीमें काम कर रही हैं और हर तरह के साक्ष्यों को एकत्र किया जा रहा है। वहीं पुलिस इस मामले में सबसे अहम मामले में फेल हुई जब एल्विश यादव (Elvish Yadav) व इस मामले में गिरफ्तार राहुल का अब तक आमना-सामना नहीं करा पाई। जबकि पुलिस को राहुल का दो बार पुलिस कस्टडी रिमांड मिली थी।
सांपो के विष रिपोर्ट आने के बाद जांच में आएगी तेजी
पूरे प्रकरण में बरामद 20ML विष की अहम भूमिका होने वाली है। पुलिस ने सबसे पहले इस मामले में पांच संपेरों को गिरफ्तार किया गया था उनके पास से 20 ML सांपों का कथित विष भी मिला था। इस विष को पुलिस ने जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा है। इसकी रिपोर्ट आने के बाद जांच में तेजी आएगी।

