गाजियाबाद शहर की सफाई व्यवस्था पर नजर बनाए रखने के अपने अभियान के तहत मेयर सुनीता दयाल ने गुरुवार को कई क्षेत्रों का दौरा किया। मेयर सुनीता दयाल( Mayor Sunita Dayal) सबसे पहले प्रताप विहार पहुंची, जहां सड़कों का निरीक्षण करने के बाद लोगों से बात की। लोगों ने बताया कि प्रताप विहार में कई-कई दिन बाद कूड़ा उठाया जाता है। मेयर ने लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द ही तय समय के भीतर सभी कूड़े उठा लिए जाएंगे। इसके बाद मेयर ने सेक्टर 23, विवेकानंद नगर, वैशाली और पुराने शहर के कई क्षेत्रों का दौरा किया।
सड़कों पर कूड़े के ढेर से लोग हो रहे परेशान
औचक निरीक्षण के दौरान मेयर को जगह जगह कूड़ा पड़ा हुआ मिला। कई सड़कों पर बने नाले गंदगी से भरे हुए मिले। जिस नाले की सफाई हुई है उसकी सिल्ट 10-10 दिन तक पड़ी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि नाले से गंदगी निकाल कर सिल्ट वहीं रख दी जाती है। सभी जगहों पर कूड़े के ढेर पड़े है। कई जगहों पर तो कूड़ा बीच सड़क तक आ गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि घरों से इकट्ठा करने के बाद कूड़े को सड़क के किनारे डाला जा रहा है। जिस कारण सड़कों से निकलना दूभर हो गया है। नाले की सिल्ट वापस नाले में चली जाती है। जिस कारण नाला चोक हो जाता है।
मेयर सुनीत दयाल ने मौके पर संबंधित अधिकारी को तत्काल कूड़ा साफ कराने के दिए निर्देश
मेयर सुनीता दयाल ( Mayor Sunita Dayal) ने मौके पर से ही संबंधित अधिकारी को फोन कर तत्काल कूड़ा उठाने और नालों की सिल्ट साफ करने के निर्देश दिए। ठेकेदार की ओर से बरती जा रही लापरवाही पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुराने शहर के टाउनहॉल के पास शौचालय का भी निरीक्षण किया। शौचालय की शीट बेहद गंदी पाई गई। टोटियां टूटी हुई थी। मेयर ने जल्द इन्हें ठीक करने के निर्देश दिए।
मेयर सुनीता दयाल ने कहा लापरवाह ठेकेदारों के खिलाफ की जाएगी अवश्य कार्रवाई
मेयर सुनीता दयाल ( Mayor Sunita Dayal) ने कहा कि बार बार चेतावनी दी जा रही है। फिर भी कूड़े को उठाया नहीं जा रहा है। ना ही सिल्ट को उठाया जा रहा है उन्होंने कहा कि ठेकेदारों की मनमानी चलने नहीं दी जाएगी। लापरवाह ठेकेदारों के खिलाफ अवश्य कार्रवाई होगी। शहर की जनता को परेशान होने नहीं दिया जाएगा उन्होंने स्थानीय लोगों को कहा कि कोई भी परेशानी हो तुरंत इसकी जानकारी उन्हें दी जाए।

