Ghaziabad News: कैसरगंज के सांसद और भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने गुरुवार को शाहपुर बम्हैटा में बने नए संजय गुरुकुल अखाड़े का उद्घाटन किया। वहां पहुंचने पर आयोजकों और बड़ी संख्या में लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। उद्घाटन के बाद लोगों को संबोधित करते हुए सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि लोगों को सबसे पहले अपने निरोगी काया के बारे में सोचना चाहिए। लोग शानो शौकत के लिए बड़ी बड़ी महंगी गाड़ियां खरीदते हैं लेकिन जिम नहीं बनाते हैं। दिनचर्या में अगर व्यायाम के लिए कुछ वक्त निकाला जाय तो रोगों से बचा जा सकता है।
केंद्र सरकार खेल और खिलाड़ियों को पूरा सहयोग कर रही
उन्होंने कहा कि पहले पंचायत में पहलवान फैसला करते थे। सेना में भी पहलवानों को तरजीह दी जाती है। कुश्ती के क्षेत्र में अपार संभावनाएं है। ग्रामीण इलाकों में कुश्ती के लिए सुविधाएं हो तो कई अच्छे खिलाड़ी निकल सकते हैं। बम्हैटा के इस अखाड़े से आने वाले समय में देश के लिए खेलने वाले खिलाड़ी आएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार खेल और खिलाड़ियों को पूरा सहयोग कर रही है। खेलो इंडिया खेलो योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाएं विकसित हो रही है। इसके फलस्वरूप ओलंपिक और एशियाड जैसे अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मेडलों की संख्या बढ़ रही है।
सभी उम्र के बच्चों को कुश्ती के दावं पेंच सिखाए जाएंगे
उन्होंने कहा कि संजय गुरुकुल अखाड़े के लिए जो भी आधुनिक सुविधाओं की जरूरत होगी, उसके लिए वे प्रयास करेंगे। इससे पहले भारत केसरी जयप्रकाश पहलवान, अर्जुन अवार्डी मनोज पहलवान और कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह, सचिव विनोद तोमर और पंकज शर्मा ने बृजभूषण शरण सिंह का स्वागत किया। इस मौके पर पश्चिम उत्तर प्रदेश के सभी कुश्ती अखाड़ों के कोच आदि उपस्थित थे। संजय गुरुकुल अखाड़े के प्रबंधक सत्यदेव पहलवान ने कहा कि अखाड़े में सभी उम्र के बच्चों को कुश्ती के दावं पेंच सिखाए जाएंगे। प्रशिक्षित कोचों की निगरानी में बच्चे कुश्ती लड़ेंगे। आने वाले समय में यहां से निकलने वाले खिलाड़ी देश का नाम रोशन करेंगे।
ये पहलवान रहें मौजूद
इस मौके पर वीरपाल यादव, दिवाकर आचार्य, जयवीर पहलवान, लाला पहलवान, मानसिंह पहलवान, फूल कुंवर, राकेश पहलवान, विजय यादव, वीरपाल फौजी, प्रवीन प्रमुख, मुल्ली पहलवान, केशव शर्मा, सुखपाल पहलवान, एड. यशदेव यादव, धर्मदेव यादव, लव यादव, सनी यादव आदि उपस्थित थे।

