गाजियाबाद। जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग को लेकर लाजपत नगर स्थित धरना स्थल पर रविवार को महापंचायत का आयोजन किया गया। कानून की मांग को जनसंख्या समाधान फाउंडेशन के अध्यक्ष अनिल चौधरी पिछले आठ दिन से आमरण अनशन पर है। उनके अनशन के आठवें दिन आयोजित महापंचायत में सरकार से जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने की मांग की गई। कानून की बारीकियों को लेकर विशेष समिति का गठन करने और राजपत्र में भी प्रकाशित करने की मांग की गई। महापंचायत में आमरण अनशन जारी रखने और अगले पांच अनशनकारियों के नाम पर पंचायत की मोहर लगाई गई।
धरनारत कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए फाउंडेशन के अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा कि देशभर के 400 जिलों में एक साथ स्थानीय टोलियों के द्वारा अनशन और धरना शुरू किया जाएगा। आगामी रविवार 12 नवंबर को अगली पंचायत होगी। 9 नवंबर को देशभर के समस्त जिलों में कानून की मांग के समर्थन में प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। महापंचायत में जनसंख्या समाधान फाउंडेशन के देश भर से आए कार्यकतार्ओं के साथ स्थानीय नागरिक तथा लगभग डेढ़ सौ संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने जनसंख्या नियंत्रण कानून का समर्थन किया। महापंचायत में 82 वक्ताओं ने अपनी बात रखी। बड़ी संख्या में पूर्व फौजियों ने पंचायत का कोआॅर्डिनेशन किया। महापंचायत का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। संगठन ने मंच से यह घोषणा कि कोई भी दल या संगठन राजनीति को इसे राजनीति का अखाड़ा बनाने नहीं दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें..
धरने में जनसंख्या समाधान फाउंडेशन के महापंचायत में 150 संगठनों ने भाग लिया इनमें गाजियाबाद उद्योग व्यापार मंडल, महादेव सेना, नई दिल्ली, नागरिक पेंशनर सेवा संस्थान, साहिबाबाद एक्स सर्विस एसोसिएशन, राजपूत एकता समिति लोनी गाजियाबाद, हापुड़ केमिस्ट एसोसिएशन, विशाल मेमोरियल वेलफेयर सोसाइटी-हापुड, इंडस्ट्रियल ट्रेड वेलफेयर एसोसिएशन, लाठर खाप, उत्तर प्रदेश श्री भैरव बाबा ठैटेरान पंचायत समिति, भारतीय किसान यूनियन हापुड़, जनकल्याण ट्रस्ट गाजियाबाद, अखिल भारतीय खत्री युवा महासभा गाजियाबाद, अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा गाजियाबाद, जनशक्ति सुरक्षा समिति दिल्ली, जय भवानी राजपूताना संगठन अर्थला, आद्रिका (एनजीओ), राजपूत विकास समिति, कर्मयोगी ज्यते एसोसिएशन, शिवसेना मुजफ्फरनगर, आॅल स्कूल पेरेंट्स एसोसिएशन आदि महत्वपूर्ण संगठन शामिल रहे।

