Delhi Excise Policy: आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को दावा किया कि ऐसी आशंका है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) दो नवंबर को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कथित उत्पाद शुल्क नीति घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के बाद गिरफ्तार करेगा। दिल्ली में सत्तारूढ़ दल ने यह भी आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उसके शीर्ष नेताओं को जेल में डाल कर पार्टी को खत्म करने का प्रयास कर रही है।
बता दें कि अरविंद केजरीवाल को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत तलब किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, ईडी 2 नवंबर को सुबह 11 बजे जांच एजेंसी के दिल्ली कार्यालय में उनका बयान दर्ज करेगी। यह पहली बार है जब ईडी ने केजरीवाल को तलब किया है। इस मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने अप्रैल में उनसे पूछताछ की थी.
AAP नेता ने क्या दावा किया ?
दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए दावा किया कि बीजेपी आम आदमी पार्टी को निशाना बनाने के लिए ऐसे हथकंडे अपना रही है क्योंकि उसे पता है कि वह केजरीवाल को चुनाव में नहीं हरा सकती.
उन्होंने कहा, “खबर है कि केजरीवाल को 2 नवंबर को गिरफ्तार किया जाएगा. अगर उन्हें गिरफ्तार किया गया तो यह भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण नहीं बल्कि इसलिए होगा क्योंकि बीजेपी उन्हें चुप कराना चाहती है.” आतिशी ने कहा, “आप ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में दो बार और एमसीडी चुनाव में भी बीजेपी को हराया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अरविंद केजरीवाल से डरते हैं। बीजेपी जानती है कि वह उन्हें चुनाव में नहीं हरा सकती।”
मनीष सिसौदिया, संजय सिंह और सत्येन्द्र जैन सहित आम आदमी पार्टी (आप) के शीर्ष नेताओं की गिरफ्तारी के संदर्भ में आतिशी ने दावा किया कि इससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का लक्ष्य आप को खत्म करना है। उन्होंने बताया कि सत्येन्द्र जैन को मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में जमानत दे दी गई है।
विपक्ष की सूची में 4 और नेता शामिल हैं
आतिशी ने दावा किया, “केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद, भाजपा विपक्षी गठबंधन INDIA के अन्य नेताओं और मुख्यमंत्रियों को निशाना बनाएगी। इसके बाद वे झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को निशाना बनाएंगे क्योंकि वे उन्हें हरा नहीं पाए है।” फिर, वे तेजस्वी यादव को निशाना बनाएंगे क्योंकि भाजपा बिहार में गठबंधन नहीं तोड़ पाई है। उसके बाद, केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन को भी निशाना बनाया जाएगा।”
आतिशी ने दोहराया कि आप नेता जेल जाने से नहीं डरते हैं और आखिरी सांस तक संविधान की रक्षा के लिए लड़ते रहेंगे।

