Delhi News: कथित दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति घोटाले के संबंध में प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नोटिस जारी किया है। सीएम को नोटिस जारी करने पर भारतीय जनता पार्टी ने सीएम केजरीवाल और आप नेताओं के ईमानदारी पर सवाल उठाए हैं। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने “ईमानदारी के सर्टिफिकेट” को लेकर केजरीवाल पर तंज कसा है।
ईमानदारी का सर्टिफिकेट देने वाले निकले भ्रष्टाचारी
केंद्रीय मंत्री ठाकुर ने मीडिया से मंगलवार को कहा, ”जो लोग ईमानदारी का सर्टिफिकेट देते थे, उनके मंत्री एक के बाद एक जेल गए और उन्हें जमानत तक नहीं मिली। पिछले एक साल से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन और सांसद संजय सिंह को ईमानदारी का सर्टिफिकेट दे रहे हैं। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आगे कहा कि सच्चाई तो यही है कि जब से केजरीवाल सत्ता में आए हैं, उनके नेता एक के बाद एक भ्रष्टाचार में संलिप्त पाए गए हैं। उन्होनें कहा कि पिछले आठ सालों में देखें कि कैसे आम आदमी पार्टी ने व्यापक रूप से भ्रष्टाचार किया है।”
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली से लेकर पंजाब तक में भ्रष्टाचार किया है। आज स्थिति यह है कि पता नहीं उनके मंत्रियों की संख्या जेल में ज्यादा है या बाहर। अरविंद केजरीवाल दूसरों को सर्टिफिकेट बांटते हैं, खुद की पार्टी के भ्रष्टाचार पर होंठ सिल लेते हैं।

