नोएडा में डेंगू बीमारी का खतरा बढ़ रहा है इसलिए जिले में सोमवार से डेंगू (Dengue) के मच्छर पनपने से रोकने के लिए हर घर दस्तक अभियान की शुरूआत की है जांच के लिए टीम घर घर पहुंच रही है तो फ्रिज में पानी भरने की वजह से डेंगू मच्छर का लर्वा मिल रहा है साथ ही घरों में रखे गमले भी डेंगू मच्छर का घर बन रहे हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ.श्रुति कीर्ति वर्मा ने बताया कि 650 आशा सहायिकाएँ और निजी एजेंसियों के सहयोग से हर घर दस्तक अभियान की शुरूआत की गई खासकर ग्रामीण और अर्धशहरी में फोकस है। सोमवार को जांच टीमें नोएडा के भट्टा पारसौल, दुजाना, बिस्नूली और जेवर में पहुंची और घरों में लार्वा की जांच की तो पता लगा यहां के घरों में पुरानी तकनीक के फ्रिज अब भी उपयोग किए जाते हैं और फ्रिज की ट्रे में पानी भरा रहता है और जमे हुए गंदे पानी को लोग निकालकर सफाई नहीं करते हैं इसलिए डेंगू (Dengue) मच्छर के लर्वा पनपने की आशंका ज्यादा रहती है।
दीवाली तक डेंगू से ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत
दीवाली तक ज्यादा सचेत रहने की जरूरत है उसके बाद तापमान गिरने पर मच्छरों के लिए अनुकूल समय नहीं रहता है लेकिन अभी सावधानी बरतते हुए सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें, बच्चों का खासकर ख्याल रखें पूरी आस्तीन के कपड़े पहनाकर ही घर से बाहर भेजें। डेंगू (Dengue) का मच्छर दिन में काटता है और साफ पानी में पनपता इसलिए घर में किसी भी डिब्बे में, टायर में या फिर किसी भी अन्य बर्तन में पानी ना भरने दें।
ये भी पढ़ें : Noida: बैठने के गलत तरीके और मोबाइल के उपयोग से युवाओं में बढ़ रहा स्पाइन का दर्द
बुखार, खांसी ज्यादा होने पर डॉक्टर से जांच जरूर कराएं
डॉ. वर्मा का कहना है कि दस्तक अभियान में स्वास्थ्य कार्यकर्ता को बीमारी की जानकारी जरूर दें। अगर आपको या परिवार के किसी सदस्य को बुखार, दो सप्ताह से अधिक समय से खांसी या जुकाम है। इसकी जानकारी छिपाएं नहीं। मच्छर प्रजनन वाले स्थान जैसे कूलर, फ्रिज की ट्रे, गमले की ट्रे, चिड़िया, कुत्तों को पानी पिलाने वाले पात्र को खाली करते रहें। स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी इसके लिए जागरूक कर रही हैं।

