IND VS AFG: भारत ने वर्ल्ड कप 2023 के अपने दूसरे मैच में अफगानिस्तान को 8 विकेट से हराया। फैंस मैच में इन दोनों टीमों के अलावा दो खिलाड़ियों के बीच की टक्कर का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे लेकिन मैच के दौरान ऐसा कुछ हुआ नहीं। बल्कि इसका उलट दोनों खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को गले लगाकर पुराने गिले शिकवे मिटा लिए। दरअसल हम बात कर रहे हैं भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज नवीन उल हक की।
मैदान के भीतर की बात थी
इसी साल IPL के दौरान एक मैच में इन दोनों खिलाडियों के बीच मैदान पर झगड़ा हो गया था। बता दें कि मैच खत्म होने के बाद हाथ मिलाने के दौरान अफगानी गेंदबाज नवीन ने विराट कोहली का हाथ तक झटक दिया था। ऐसे में मैच के बीच दोनों के बीच खींचतान की आशंका जताई जा रही थी लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। कोहली जब बल्लेबाजी कर रहे थे तब उन्होंने अफगानिस्तानी गेंदबाज नवीन को गले लगा लिया।
तेज गेंदबाज नवीन उल हक ने मैच के बाद कहा, “मेरे और कोहली के बीच जो कुछ हुआ था वह मैदान के भीतर की बात थी। मैदान के बाहर हमारे बीच कोई विवाद या मनमुटाव वाली बात नहीं थी। उनहोंने आगे कहा लोगों और मीडिया ने इस बात को बड़ा बना दिया था। उनलोगों को अपने फॉलोअर्स बढ़ाने होते है इसलिए उन्हें ऐसे मामलों की जरूरत होती है। अब हम उससे आगे बढ़ चुके हैं। हमने एक दूसरे को गले लगाया और हाथ मिलाया है।”
कोहली ने मुझसे बीती बातें भूलने को कहा था: नवीन
अफगानिस्तान के इस तेज गेंदबाज ने बताया कि विराट कोहली ने उनसे पिछली बातों को भूलने की सलाह दी। नवीन ने कहा, “कोहली ने मुझसे कहा कि हमें उन पिछली बातों को भूल जाना चाहिए। मैंने भी उन्हें जवाब दिया, मेरी ओर से सारी बातें खत्म हो गई हैं। मैदान पर दर्शक अपने घरेलू क्रिकेटर के नाम के साथ शोर मचाते हैं। कोहली का होम ग्राउंड दिल्ली था, और वह एक उत्कृष्ट खिलाड़ी और अच्छे इंसान हैं।
जब नवीन भारत के खिलाफ मैच में बल्लेबाजी के लिए उतरा, तो दर्शक ने ‘कोहली-कोहली’ का नारा लगाना शुरू कर दिया। यह दृश्य तब भी देखा गया, जब नवीन गेंदबाजी कर रहे थे। बाद में कोहली ने दर्शकों से चुप रहने की अपील की। कोहली और नवीन के गले लगने के बाद, दर्शकों ने अफगानिस्तान के गेंदबाज के खिलाफ हूटिंग करना भी बंद कर दिया।

