Gautam Buddh Nagar News: शासन की प्राथमिकताओं में से एक है अपराधियों को सजा दिलाना। इसी क्रम में एक जुलाई से लेकर सात अक्तूबर तक प्रभावी पैरवी कर शहर में 426 केस में दोषियों को सजा दिलाई गई है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने तीनों जोन में अभियोजन मॉनिटरिंग सेल की स्थापना कर माफिया, दुष्कर्म व अन्य अपराध के दोषियों को सजा दिलाई है। एक जुलाई से प्रदेश के सभी जिलों में डीजीपी के निर्देश पर ऑपरेशन कन्विक्शन चलाया गया। ऑपरेशन के तहत शासन के चिन्हित माफिया, सनसनीखेज अपराध, पॉक्सो एक्ट के तहत विशिष्ठ मामलों में आरोपियों को सजा दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी की गई।
यह भी पढ़ें: 24 वर्षीय युवक ने ससुराल वालों की पिटाई से दुखी होकर की आत्महत्या
अभियोगों की पैरवी के लिए मॉनिटरिंग सेल की स्थापना की गई
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर प्रत्येक जोन में जोनल पुलिस उपायुक्त के अधीन एक अभियोजन/ मॉनिटरिंग सेल की स्थापना की गई जो अपने जोन के अन्तर्गत समस्त अभियोगों की पैरवी के लिए उत्तरदायी बनाया गया। थानास्तर पर प्रत्येक थाने में अभियोजन सेल का गठन किया गया जो प्रतिदिन गवाहों की उपस्थित, गवाहों के बयान कराये जाने हेतु उत्तरदायी बनाया गया।
426 मुकदमों में अपराधियों को सजा दिलाई गई
उपरोक्त विशेष गठन के पश्चात स्थानीय पुलिस/पब्लिक के गवाहों की शत-प्रतिशत उपस्थिति न्यायालय में सुनिश्चित की गई। जिसके परिणाम स्वरुप जनपद गौतमबुद्ध नगर में एक जुलाई से अब तक कुल 426 मुकदमों में अपराधियों को सजा दिलायी जा चुकी है । जिसमें शासन के चिन्हित माफिया, सनसनीखेज अपराध, पाक्सो एक्ट के तहत विशिष्ठ मामलों के आरोपीयों को सजा दिलायी गई। सजा से संबंधित समस्त विवरण को ऑपरेशन कन्विक्शन पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है। प्रदेश के समस्त जनपदों में ऑपरेशन कन्विक्शन के मामले में जनपद गौतमबुद्ध नगर को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।

