Ghaziabad News: नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शनिवार को बताया कि गाजियाबाद नगर निगम द्वारा शहर में पांच पिक टॉयलेट तथा 10 आकांक्षी सार्वजनिक शौचालय बनाने की तैयारी चल रही है। इससे शहर वासियों को लाभ मिलेगा। प्रत्येक जोन में एक पिंक टॉयलेट तथा दो आकांक्षी सार्वजनिक टॉयलेट बनाए जाएंगे। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश तथा मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी को संयुक्त रूप से कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। निर्माण विभाग द्वारा स्थान चयनीकरण का कार्य किया जा रहा है, स्टेट गवर्नमेंट के निर्देश अनुसार शहर हित में शौचालय बनाने का कार्य किया जाएगा। शौचालय के लिए जमीन चयन का कार्य शुरू कर दिया है।
शौचालय में फाइव स्टार की सुविधाएं
नगर आयुक्त ने बताया कि वसुंधरा जोन के अंतर्गत सन वैली स्कूल के पास सेक्टर-1 वैशाली, कवि नगर जोन के अंतर्गत लाल कुआं छपरौला पुल के पास, विजयनगर जोन के अंतर्गत डीपीएस चौराहा वार्ड-51 के पास, सिटी जोन के अंतर्गत चौधरी चरण सिंह पार्क मेरठ तिराहा के पास, मोहननगर जोन के अंतर्गत मोहन नगर मेट्रो स्टेशन के नीचे पिंक शौचालय को बनाने का कार्य किया जा सकता है। शहर में बनने वाले शौचालय में फाइव स्टार की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। हैंडीकैप तथा बुजुर्गों के लिए भी शौचालय को सुविधाजनक बनाया जाएगा। गाजियाबाद नगर निगम ने सीएसआर फंड से पिंक टॉयलेट और आकांक्षी सार्वजनिक शौचालय को वातानुकूलित भी करने का निर्णय लिया है।

