Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में ससुराल वालों की पिटाई से परेशान होकर बीटा-2 थाना क्षेत्र के अट्टापीर गांव के कपिल (24) के फंदा लगाकर जान देने का मामला सामने आया है। युवक के पिता सतवीर ने कपिल की पत्नी, सास, ससुर, साले समेत ससुराल के छह लोगों पर आरोप लगाते हुए पुलिस से पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने समेत धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: लिव-इन पार्टनर के साथ रह रही महिला की संदिग्ध मौत, पार्टनर हुआ फरार
जबरदस्ती शादी कराई
युवक के पिता सतवीर ने बताया कि उन्होंने अपने दो बेटे कपिल और हरीश का विवाह 21 नवंबर 2021 दादरी के मायचा गांव की कोमल व शीतल के साथ हुआ था। सतवीर ने आरोप लगाया है कि कोमल ने शादी के बाद ही कपिल को बता दिया कि वह किसी और को पसंद करती है, लेकिन परिजन ने जबरदस्ती उसकी शादी करा दी है। उसने कपिल के नाम की करवा चौथ का व्रत रखने से मना कर दिया। यह सुनकर कपिल डिप्रेशन में आ गया, लेकिन उसने यह जानकारी किसी को नहीं दी। शादी के चार-पांच माह बाद ही कोमल व शीतल अपने मायके चली गईं। इसके बाद काफी प्रयास के बाद भी कपिल की पत्नी वापस नहीं लौटी।
पत्नी को बुलाने ससुराल गया
सतवीर ने बताया कि एक अक्तूबर को मायचा गांव में कोमल व शीतल को वापस बुलाने के लिए पंचायत का आयोजन हुआ था। इसके बाद दो अक्तूबर को कपिल, कोमल व शीतल को बुलाने के लिए मायचा गांव स्थित अपनी ससुराल गया था। आरोप है कि ससुराल वालों ने पंचों का आदेश मानने से इंकार करते हुए कोमल व शीतल को भेजने के बजाय कपिल को बुरी तरह पिटाई कर दी।
ससुरालवालों ने की पैसों की डिमांड
युवक के पिता सतवीर ने बताया कि ससुराल पक्ष के लोगो ने पंचायत में कहा था कि दस-दस लाख रुपये दोनों पुत्रवधू के बैंक खातों में डालने होंगे। तब वह दोनों बेटियों को ससुराल भेजेंगे, लेकिन कपिल खाते में रुपये डाले बिना ही कोमल-शीतल लेने चला गया था। रुपये नहीं देने से क्षुब्ध होकर ससुराल वालों ने उसे पीटा। ससुराल से लौटकर परिजन को आरोपियों के मारपीट करने की जानकारी दी। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया और उसने फंदा लगाकर जान दे दी। एडीसीपी अशोक कुमार का कहना है कि इस मामले में सतवीर की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई होगी।
यह भी पढ़ें: वेदवन पार्क में नवरात्र से लागू होगा शुल्क, प्राधिकरण ने लिया फैसला

