PM Ujjwala Yojna : केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को कैबिनेट के फैसलों पर एक ब्रीफिंग के दौरान घोषणा की कि सरकार ने प्रधान मंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए सब्सिडी राशि ₹ 200 से बढ़ाकर ₹ 300 प्रति एलपीजी सिलेंडर कर दी है।
अब देना होगा केवल 603 रुपए
उज्ज्वला लाभार्थियों को वर्तमान में प्रति 14.2 किलोग्राम सिलेंडर के लिए 703 रुपये का भुगतान करना पड़ता है, जबकि बाजार मूल्य 903 रुपये है। केंद्रीय मंत्रिमंडल के फैसले के बाद, उन्हें अब 603 रुपये का भुगतान करना होगा।
₹200 रुपए की हुई थी कटौती
यह फैसला केंद्र द्वारा सभी उपभोक्ताओं के लिए घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में ₹200 की कटौती के ठीक एक महीने बाद आया है। अगस्त के फैसले के बाद केंद्री मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि इस पूरक सब्सिडी के कारण वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए 7,680 करोड़ का अतिरिक्त वित्तीय प्रभाव पड़ सकता है।
पीएम मोदी ने बलिया से शुरू की थी योजना
1 मई 2016 को यूपी के बलिया में पीएम मोदी द्वारा शुरू की गई प्रधान मंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को एलपीजी जैसे खाना पकाने का ईंधन प्रदान करना है। योजना का फोकस गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) परिवारों, एससी/एसटी समुदायों, प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई), अंत्योदय अन्न योजना (एएवाई) के लाभार्थियों, वनवासियों और अन्य वंचित समूहों की महिलाओं को एलपीजी कनेक्शन प्रदान करने पर है।
यह भी पढ़ें: शाहबेरी में अवैध निर्माण करने वाले दो बिल्डरों पर मुकदमा हुआ दर्ज
उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों संख्या 10.35 करोड़
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पिछले महीने वित्तीय वर्ष 2023-24 से 2025-26 तक तीन वर्षों में 75 लाख एलपीजी कनेक्शन जारी करने के लिए पीएमयूवाई के विस्तार को मंजूरी दी थी। 75 लाख अतिरिक्त उज्ज्वला कनेक्शन से पीएमयूवाई लाभार्थियों की कुल संख्या 10.35 करोड़ हो जाएगी। उज्ज्वला लाभार्थियों के लिए अतिरिक्त सब्सिडी पर फैसला पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों से पहले आया है। इस साल राजस्थान, मध्य प्रदेश, मिजोरम, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में चुनाव लंबित हैं।

