World Cup 2023: ICC ODI World Cup 2023 की शुरुआत होने में अब कुछ ही घंटे बाकि है। इस क्रिकेट महाकुंभ का पहला मैच 5 अक्टूबर को खेला जाएगा, जिसमें पिछली बार की विजेता टीम इंग्लैंड और उप-विजेता टीम न्यूज़ीलैंड का मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। इस बार के ODI World Cup में भारत को जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। इसके कुछ महत्वपूर्ण कारण हैं, आइए हम आपको विस्तार से उसके बारे में बताते है।
पहला कारण: भारत को घरेलू पिचों और मौसम का फायदा होने की उम्मीद
इस बार ODI World Cup का आयोजन भारत में हो रहा है, इसलिए भारत को अपने घरेलू पिचों और मौसम के बेहतर ज्ञान के साथ बाकी टीमों की तुलना में अधिक अच्छा परिणाम प्राप्त करने की संभावना है। इसके अलावा, पहली बार ODI World Cup को भारत ने 2011 में अपने घर पर ही जीता था, और इसके बाद के सभी ODI World Cup टूर्नामेंट्स को घरेलू टीमों ने ही जीता है। इसलिए, इस बार फिर से भारत को अपनी घरेलू जमीन पर ODI World Cup जीतने की संभावना है।
दूसरा कारण: भारतीय टीम का मौजूदा फॉर्म
भारतीय टीम ODI World Cup के आरंभ से पहले बेहतरीन फॉर्म में नजर आ रही है। हाल ही में समाप्त हुए एशिया कप में भारत ने अपनी प्रभुता दिखाई और एकतरफा तरीके से खिताब जीता। बता दें कि एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान, श्रीलंका, और अन्य सभी टीमों के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। पाकिस्तान के खिलाफ हुए पहले मैच में, टीम इंडिया ने शुरूआत में सिर्फ 66 रनों पर 4 विकेटों पर खो दिया था, लेकिन उसके बाद टीम के मध्यक्रम ने मैच में वापसी कराई और टीम को 266 रनों के स्कोर तक पहुंचाया।
इससे स्पष्ट होता है कि हमारी टीम के खिलाड़ी मुश्किल परिस्थितियों के लिए भी तैयार हैं। इसके अलावा, एशिया कप जीतने के बाद, भारतीय टीम ने ICC ODI Ranking में नंबर-1 स्थान पर पहुंचा है। ये सभी परिस्थितियां दर्शाती हैं कि इस बार भारत ODI World Cup जीतने के लिए मजबूत दावेदार है।
तीसरा कारण: टीम कॉम्बिनेशन
इस बार के ODI World Cup में भारतीय टीम बाकि की अन्य टीमों की अपेक्षा सबसे ज्यादा संतुलित टीम दिख रही है। टीम के पास सलामी बल्लेबाज के रूप में अनुभवी खिलाड़ी हैं, जैसे कि कप्तान रोहित शर्मा और युवा बल्लेबाज शुभमन गिल। उनके बाद, तीन नंबर पर विराट कोहली, जो हाल ही में बेहतरीन फॉर्म में हैं, हैं। मध्यक्रम में, केएल राहुल और श्रेयस अय्यर ने लगातार शतक लगाकर दिखाया है कि वे किसी भी स्थिति में टीम को संभाल सकते हैं। इसके अतिरिक्त, इशान किशन और सूर्यकुमार यादव भी अच्छे मौकों की प्रतीक्षा में हैं।
हार्दिक पांड्या, रविंद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन और शार्दुल ठाकुर जैसे शानदार ऑल-राउंडर्स के विकल्प भी टीम के पास मौजूद हैं। गेंदबाजी में, जसप्रीत बुमराह के साथ मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी और कुलदीप यादव टीम के लिए विकल्प हैं। इस टीम को देखकर यह लगता है कि भारत के पास ODI World Cup जीतने के लिए एक बेहतरीन प्लेइंग इलेवन है।
चौथा कारण: कुछ खास खिलाड़ियों का शानदार फॉर्म
इस भारतीय टीम के 15 सदस्यीय टीम में कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने पिछले कई महीनों में बेहतरीन प्रदर्शन किया है और जो इस वर्ल्ड कप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। पहले नंबर पर शुभमन गिल का नाम आता है, जिन्होंने 2023 में शतक की झड़ी लगा दी। दूसरे नंबर पर विराट कोहली का है, जिनका पुराना रूप हम इस साल फिर से देख रहे हैं। तीसरे खिलाड़ी कुलदीप यादव हैं, जिनका फॉर्म विशेष रूप से स्पिन पिचों पर उपयोगी हो सकता है। इस लिस्ट में चौथे खिलाड़ी मोहम्मद सिराज हैं, जिन्होंने एशिया कप के फाइनल में अपने प्रदर्शन से सबको चौका दिया था। वे पिछले कई महीनों से अच्छा खेल रहे हैं, जिससे वे टीम के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।
पांचवा कारण: हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या
ODI World Cup जैसे टूर्नामेंट को जीतने के लिए फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर की भूमिका अत्यधिक महत्वपूर्ण होती है। इस दृष्टिकोण से देखा जाए, इंग्लैंड की टीम में बेन स्टोक्स, ऑस्ट्रेलिया की टीम में मिचेल मार्श और कैमरून ग्रीन जैसे खिलाड़ी हैं, जिनपर उनकी टीम पूरी तरह से भरोसा करती है। भारत की टीम में भी हार्दिक पांड्या के रूप में एक ऐसा खिलाड़ी है, जो नई गेंद से तेज और स्विंग गेंदबाजी कर सकता है, साथ ही मध्यक्रम के साथ-साथ फिनिशिंग की जिम्मेदारी भी संभाल सकता है। अगर हार्दिक अच्छे फॉर्म में रहे तो भारत के लिए ODI World Cup जीतना आसान हो सकता है।

