ISIS Terrorist : एनआईए के मोस्ट वांटेड आतंकी शाहनवाज आलम उर्फ शफी उज्जमा को दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है। वह पुणे आईएसआईएस मामले में वांछित था। इसी साल सितंबर में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शाहनवाज पर 3 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। शाहनवाज के साथ दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने कुछ अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है। मध्य दिल्ली में इस्लामिक स्टेट से जुड़े तीन आतंकवादियों का पता लगाने के लिए एनआईए ने शनिवार को एक अभियान शुरू किया था।
3 लाख रुपए के थे इनामी
रिपोर्ट्स के मुताबिक एजेंसी मोहम्मद शाहनवाज आलम उर्फ शफी उज्जमा उर्फ अब्दुल्ला रिजवान अब्दुल हाजी अली और अब्दुल्ला फैयाज शेख की तलाश कर रही थी। ये चारों पुणे आईएसआईएस मॉड्यूल मामले में वांछित थे और एनआईए द्वारा प्रत्येक पर 3 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आतंकियों को पकड़ने के लिए पुणे पुलिस और एनआईए की टीम ने सेंट्रल दिल्ली में कई जगहों पर छापेमारी की। बाद में अन्य खुफिया एजेंसियां भी टीम के साथ इस ऑपरेशन में शामिल हो गईं।
कौन हैं शाहनवाज आलम?
दिल्ली पुलिस के मुताबिक शाहनवाज पेशे से इंजीनियर है। वह दिल्ली का रहने वाला है और पुणे पुलिस की हिरासत से भागकर राष्ट्रीय राजधानी में रहने लगा था। एनआईए ने 3 अगस्त 2023 को आईएसआईएस पुणे मॉड्यूल मामले में जांच की जिसके दौरान यह पता चला कि आरोपियों ने देश की शांति और सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने के उद्देश्य से आतंकवादी साजिश को अंजाम देने की योजना बनाई थी। इस मामले में एनआईए ने कहा कि वह इन चारों आरोपियों की तलाश कर रही थी जिसके लिए इन पर इनाम रखा गया है।
यह भी पढ़ें: गुलाम नबी आज़द ने कहा, “मेरे जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल बनने की बात अफवाह है”
सितंबर तक हुई सात गिरफ्तारियां
सितंबर के मध्य तक एजेंसी ने मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया था। आईएसआईएस स्लीपर मॉड्यूल के ये सभी सदस्य पुणे के कोंढवा स्थित एक घर से काम कर रहे थे। वे कथित तौर पर आईईडी असेंबल कर रहे थे और संगठित थे और पिछले साल एक बम प्रशिक्षण और विनिर्माण कार्यशाला में भी भाग लिया था। उन्होंने अपनी टीम द्वारा बनाए गए आईईडी का परीक्षण करने के लिए साइट पर एक नियंत्रित विस्फोट भी किया था।

