नोएडा और ग्रेटर नोएडा की सोसाइटियों और गेट बंद कॉलोनियों के लोगों को मतदान करने के लिए अब दूर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। चुनाव आयोग सोसाइटी और कॉलोनी में ही मतदान बूथ स्थापित करेगा। इसके लिए स्थानीय एओए या आरडब्ल्यूए की लिखित सहमति के बाद ही बूथ बनाए जाएंगे।
उत्तर प्रदेश चुनाव आयोग के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिला प्रशासन को सभी सोसाइटियों और कॉलोनियों का सर्वे करने के निर्देश दिए हैं। शहरी क्षेत्र में मतदान प्रतिशत खासा कम रहता है। ग्रुप हाउसिंग सोसाइटियों से दूर होने के कारण लोग मतदान करने जाने से बचते हैं। इस मुद्दे पर शनिवार को उत्तर प्रदेश चुनाव आयोग के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने नोएडा स्थित डीएम कैंप कार्यालय के सभागार में बैठक की। जहां उन्होंने मतदान बूथों की स्थिति की जानकारी ली। मौके पर उन्होंने सभी सोसाइटियों और गेट बंद कॉलोनियों के सर्वे कराने के निर्देश दिए। सर्वे में यह देखा जाएगा कि वहां आसपास स्कूल या सामुदायिक केंद्र है या नहीं है।
ये भी पढ़ें : Noida : बड़े शोरूम में बेचे जा रहे नकली प्रोडक्ट, हो जाएं सावधान
गेट बंद कॉलोनी और सोसाइटियों में बनेंगे मतदान बूथ
निर्वाचन आयोग के मानकों के तहत वहां मौजूद सुविधाएं देखी जाएंगी। मतदाताओं की सुविधा के लिए वहां पर मतदान बूथ स्थापित करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मतदान बूथ स्थापित करने से पहले वहां की एओए या आरडब्ल्यूए से लिखित भू सहमति ली जाएगी। जल्द से जल्द सर्वे पूरा कराकर रिपोर्ट जिला निर्वाचन कार्यालय को प्रस्तुत करनी होगी, जो मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय को भेजी जाएगी।
हर विधानसभा में कंट्रोल रूम बनेगा
हर विधानसभा में कंट्रोल रूम बनेगा, जिसके द्वारा वोटर सूची में नाम जोड़ने के लिए आवेदन करने वालों से संपर्क किया जाएगा। उन्हें बताया जाएगा कि उनका पहचान पत्र कब तक आएगा। जब पहचान पत्र आ जाएगा, तो फिर मतदाता से पहचान पत्र प्राप्त करने के बारे में पूछा जाएगा। मतदाताओं की परेशानी को दूर किया जाएगा।

