Ghaziabad News : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती से एक दिन पहले भाजपा की ओर से शुरू किए गए स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत प्रदेश के श्रम मंत्री व भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने रविवार को गाजियाबाद के शालीमार गार्डन में सफाई कर श्रमदान किया। भाजपा महानगर इकाई की ओर से शालीमार गार्डन प्रथम में आयोजित सफाई अभियान की शुरुआत शहीद स्थल पर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के साथ की गई। जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने सैंकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए गए
इसके बाद गुरुद्वारा रोड पर स्वच्छता अभियान के तहत सड़क व गलियों की सफाई की गई। इससे पहले भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का जोरदार स्वागत किया। अभियान के दौरान जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने लोगों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए। साथ ही दिव्यांगों को राशन वितरण किया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर से कूड़े को उठाकर नियत स्थान पर रखा। इस मौके पर स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि आजादी के अमृतकाल में स्वच्छता अभियान चलाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को याद किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने किया आह्वान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक तारीख, एक घंटा, एक साथ का नारा देकर स्वच्छता अभियान में शामिल होने का आह्वान किया था। प्रधानमंत्री के आहवान पर पूरे देश में करोड़ों कार्यकर्ताओं ने रविवार को एक घंटे का श्रम दान दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को साफ-सफाई बहुत पंसद थी। वे लोगों से अपने आसपास साफ सफाई रखने की अपील करते थे। पिछले नौ वर्षों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी लोगों से साफ-सफाई की अपील कर रहे हैं। लोगों की सोच में बदलाव आया है। आज हर कोई साफ-सफाई का ख्याल रख रहा है।
यह भी पढ़ें: 2000 रुपये के नोट बदलने की तारीख बढ़ी, अब सिर्फ इन जगहों पर बदले जा सकेंगे नोट
स्वतंत्रदेव सिंह ने किया पौधरोपण
जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने वार्ड 80 के पार्षद राहुल शर्मा के साथ राजेंद्र नगर में पौधरोपण भी किया। कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री बलदेवराज शर्मा, पूर्व एमएलसी सुरेश कश्यप, महामंत्री पप्पू पहलवान, महानगर मंत्री संजीव झा, क्षेत्रीय मंत्री आशीष वत्स, प्रदेश मंत्री युवा मोर्चा अमल खटीक, महानगर मंत्री बीएल गौतम, युवा मोर्चा अध्यक्ष सचिन डेढ़ा के साथ सैंकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने अभियान में भाग लिया।

